पेट्रोल डालते ही बाइक में लगी आग, पेट्रोल पंप में हुए पांच धमाके, मची अफरा तफरी, दूर-दूर तक दिखी आग की लपटे

राजगढ़। जिले के पचोर में सोमवार रात पेट्रोल पंप पर भीषण आग लग गई। आग की चपेट में डीजल से भरा टैंकर भी आ गया। हादसे में 12 लोग झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। एक घायल को इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 8:30 बजे चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर हुआ।
पंप पर काम करने वाले सेल्समैन जगदीश धनगर ने बताया कि एक बाइक में अचानक स्पार्क हुआ और आग लग गई। हादसे के दौरान 5 धमाके भी हुए। 12 बाइक भी जल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं, जबकि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।
हादसे में घायल 2 महिलाओं और एक पुरुष को इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें पुरुष बलराम की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया। घायल महिलाओं की पहचान लतीफा बी और सलोनी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शी रमेश ने बताया कि पेट्रोल पंप की एक लाइन में ट्रैक्टर और केनों में डीजल भरा जा रहा था, जबकि दूसरी लाइन की मशीनों पर बाइक में पेट्रोल डाला जा रहा था। इसी दौरान इंदौर से आया डीजल टैंकर भी खाली किया जा रहा था। तभी एक युवक गर्म हालत में बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने पहुंचा।
रमेश के मुताबिक जैसे ही बाइक का ढक्कन खोला गया और नोजल टैंक में लगाया गया, अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। केनों में डीजल भरवा रहे लोग जान बचाने के लिए भागने लगे और आग तेजी से फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शी रमेश ने बताया कि हादसे के दौरान 5 से ज्यादा धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। आग की ऊंची लपटों और धमाकों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद पचोर नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।
आग की तेज लपटों को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी दीपक रानवे करीब 100 लीटर फायर फोम लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद फायर फोम का छिड़काव किया गया, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
एसडीएम रोहित बमोरे ने बताया कि 12 घायलों में से 3 का इलाज पचोर के शासकीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि 3 लोगों को निजी नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, 5 घायलों को शाजापुर रेफर किया गया है। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया।

 

Next Post

भोपाल से श्रीनगर, चेन्नई, कोलकाता, देहरादून के लिए उड़ेगी फ्लाइट, एयरलाइंस ऑपरेटरों से मांगे गए प्रपोजल, मीटिंग में उठी थी मांग

भोपाल। अगले कुछ माह में राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से श्रीनगर, चेन्नई, केरल, देहरादून, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़, जम्मू सहित अन्य बड़े शहरों के लिए यात्री विमान उड़ सकते हैं। सांसद आलोक शर्मा की मीटिंग के बाद सरकार ने एयरलाइंस ऑपरेटरों से प्रपोजल मांगें हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सोशल […]