भोपाल। इजराइल-ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल का संयमित उपयोग करने और एक साल तक सोना न खरीदने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है।
ऐसे में मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह मंगलवार को पदभार ग्रहण करने के लिए बैटरी चलित ई-रिक्शा से रवाना हुए। वे भोपाल के अवधपुरी स्थित अपने निजी आवास से ई-रिक्शा में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। हालांकि उनके साथ कई समर्थक गाड़ियों से पहुंचे।
खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन ने कहा कि वे ई-रिक्शा में केवल तीन लोगों के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे हैं।
बता दे कि पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि आज के समय में पेट्रोल, गैस और डीजल का इस्तेमाल कम करना होगा। पड़ोस में चल रहे युद्ध के असर से दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं।
पीएम ने हैदराबाद में भाजपा की रैली में कहा-भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है, हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं। आज हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की जरूरत है। जिन शहरों में मेट्रो है, वहां लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें।


