जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पुलिस चौकी अंतर्गत तीन पत्ती बस स्टैंड स्थित अभिनंदन होटल में बदमाश ने मंगलवार शाम को ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वह दशहरे के दिन होटल में पत्नी के साथ खाना खाने गया था। इस दौरान उसका वेटर से झगड़ा हो गया।
इसी का बदला लेने आरोपी होटल पहुंचा था। यहां उसने काउंटर पर बैठे संचालक अश्वनी पारिया पर एक के बाद एक चार राउंड फायर कर दिए। होटल संचालक ने जैसे तैसे काउंटर में छिपकर अपनी जान बचाई। हालांकि घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।
वायरल वीडियो में साफ देखा गया कि फायरिंग होते ही होटल में भगदड़ मच गई। यहां खाना खाने पहुंचे ग्राहक भागने लगे। आरोपी भी फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। ओमती पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।
बताया गया कि विवाद दशहरा के दिन हुआ था। आरोपी अपनी गर्भवती महिला के साथ खाना खाने आया था, जिसका वेटर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि ग्राहक (आरोपी) ने वेटर को गाली-गलौच कर उससे मारपीट भी की।
झगड़े के बाद वह चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वापस आकर वेटर को उनके हवाले करने की मांग करने लगा और धमकी दी कि अगर वेटर नहीं मिला तो वे गोली चला देंगा।
होटल संचालक अश्वनी पारिया ने यह भी बताया कि दशहरा के दिन झगड़े के बाद वह व्यक्ति लगभग 20-25 लड़कों को लेकर भी आया था। मंगलवार शाम वह स्कूटी से एक अन्य व्यक्ति के साथ आया था और होटल में फायरिंग शुरू कर दी।
होटल संचालक ने बताया कि वह आरोपी को शक्ल से पहचानते हैं, लेकिन नाम नहीं जानते।
बस स्टैंड चौकी प्रभारी जगन्नाथ यादव ने बताया कि सीसीटीवी में आरोपी फायरिंग करते साफ नजर आ रहा है। फुटेज की जांच की जा रही है, और जल्द ही आरोपी की पहचान स्पष्ट हो जाएगी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।


