शासकीय प्राथमिक स्कूल का शिक्षक पास्को एक्ट में हुआ गिरफ्तार, मासूम बच्चों से करता था छेड़छाड़

DR. SUMIT SENDRAM

छतरपुर। जिले के ओरछा रोड थानांतर्गत एक शासकीय प्राथमिक शाला में 6 से ज्यादा छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर ये छात्राएं रोती हुई घर लौटीं।
बच्चों ने परिजनों से कहा कि क्लास में शिक्षक उनके साथ बहुत ही गंदी हरकत करते हैं। मास्टर जी गोद में बिठाते हैं। अंडरगारमेंट्स में हाथ डालते हैं।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी शिक्षक संजीव चतुर्वेदी के खिलाफ पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों का कहना है कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आई थीं, लेकिन इस बार छात्राओं की मानसिक स्थिति और डर को देखकर मामला गंभीर लगा। परिवारों ने तय किया कि वे सीधे स्कूल जाकर शिक्षक से बात करेंगे।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर गांव के कई परिजन स्कूल पहुंचे और शिक्षक से जवाब मांगा। माहौल धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने डायल 112 पर सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को भीड़ से निकालकर थाने ले गई।
पुलिस शिक्षक संजीव चतुर्वेदी को लेकर ओरछा रोड थाने पहुंची। वहां भी ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों में आक्रोश था और वे सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने हालात को संभालते हुए सभी को शांत कराया।
पुलिस पूछताछ में शिक्षक संजीव चतुर्वेदी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि स्कूल में मिड-डे मील बनाने को लेकर कुछ स्थानीय लोगों से उनका विवाद चल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि इसी विवाद के चलते उन्हें साजिशन फंसाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। शिक्षक की उम्र 52 साल है। वह स्कूल में वर्ष 2019 से पदस्थ हैं। अभी एक बच्ची की मां की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। यदि और छात्राओं या अभिभावकों के बयान सामने आते हैं तो उन्हें भी रिकॉर्ड में लिया जायेगा।
महिला जांच अधिकारी (उपनिरीक्षक) उमा परिहार का कहना है कि धारा जमानती हैं, लेकिन मामला गंभीर है, इसलिए इसमें देखना होगा कि क्या हो सकता है। अभी मामले में जांच अधूरी है। बच्चियों और बाकियों के बयान और पूछताछ के लिये गांव और स्कूल जाना है। जांच जारी है। मामला गंभीर है, इसलिए अभी कुछ भी स्पष्ट कहना मुमकिन नहीं है।

 

Next Post

मिठाई व नमकीन के 11 बड़े प्रतिष्ठानों पर छापे, होली से पहले व्यापारियों में हड़कंप, 37 नमूने लिए गए

इंदौर। होली के त्यौहार को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कलेक्ट्रेट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई। इस बैठक में त्यौहार के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चलाने के […]