भोपाल। पूरे मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी ने कई क्षेत्रो में लोगों पर कहर बरपाना शुरु कर दिया है। अधिकतर इलाकों में तेज हवा के साथ बादल छाने के बावजूद तापमान पर कुछ खास कमी नजर नहीं आ रही है। खास बात ये है कि, इस सीजन में पहली बार प्रदेश का अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। जबकि, राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।
बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में रविवार को भीषण गर्मी का दौर देखने को मिला। प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर जिले के नौगांव में दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि, मंडला प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां तापमान 43.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा छतरपुर के ही खजुराहो में 43.4 डिग्री, सतना – उमरिया और दतिया में 43.1 डिग्री, दमोह में 43 डिग्री, नर्मदापुरम में 42.8 डिग्री, सागर-सीधी में 42.6 डिग्री, मलाजखंड में 42.5 डिग्री, रीवा में 42.4 डिग्री, धार में 42.2 डिग्री, श्योपुर और टीकमगढ़ 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
सोमवार को प्रदेशभर में भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। मुख्य रूप से प्रदेश के जबलपुर, छतरपुर, उमरिया, टीकमगढ़, कटनी, निवाड़ी, पन्ना और मंडला में हीट वेव चला।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के बड़े शहरों जैसे- भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत अन्य शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर ही रहने का अनुमान जताया जा रहा है।


