भोपाल। राजधानी के ऐशबाग के फूटी बावड़ी क्षेत्र में बाइक देने से मना करने पर चार बदमाशों ने दो लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बाद में घायल की शिकायत पर आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई।
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक फिरोज खान (18) ऐशबाग में रहता है। बुधवार दोपहर वह अपने दोस्त रवि कुशवाहा के साथ फूटी बावड़ी के पास चाय की गुमठी पर चाय पी रहा था। वहां पर उसी मोहल्ले के रहने वाले निखिल ने रवि से बाइक मांगी तो उसने मना कर दिया। बाद में नाराज होकर निखिल, अमन, जल्ला वायरस और अरबाज नाडा ने रवि और उसके दोस्त फिरोज को रास्ते में रोक लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोनों के साथ जमकर मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए। हमले के बाद घायल युवकों को आसपास के लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पुलिस अस्पताल की सूचना पर पहुंची और घायल फिरोज के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी नशा करने के आदी हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।


