सड़क निर्माण में लगी जेसीबी ने तोड़ी पाइप लाइन, पेयजल के लिए त्रस्त लोगों ने किया प्रदर्शन

सागर। गर्मी का मौसम आते ही क्षेत्र वासियों को पेयजल के लिए लगातार परेशान होना पड़ रहा है। दो दिन बाद पेयजल सप्लाई होने के बाद सड़क निर्माण करने खुदाई करने वाली जेसीबी मशीन से पेयजल की पाइप लाइन फूटने से कई लोगों के घर पानी पहुंचना बंद हो गया, जिससे गुस्साए लोगों ने परकोटा वार्ड में चक्काजाम कर दिया। इस दौरान एंबुलेंस भी जाम में फंसी, जिसे निकालने के लिए प्रदर्शनकारियों ने रास्ता बनाया।
शहर में पेयजल समस्या लगातार बनी रहती है। कछुआ गति से पिछले पांच माह से ज्यादा लंबे समय से तीन मढ़िया से परकोटा तक बन रही सड़क के दौरान कई बार पाइप लाइनों में लीकेज होते रहे हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में दो दिन बाद जैसे आज जलसप्लाई शुरू हुई तो जेसीबी से मेन पाइप लाइन टूट गई। लाइन फूटने से दर्जनों घरों में पानी पहुंचना अचानक बंद हो गया, जिससे लोग परेशान होते हुए नजर आए।
पेयजल सप्लाई प्रभावित होने से स्थानीय रहवासियों में काफी आक्रोश नजर आया। कुछ लोगों को पता चला कि जेसीबी से पाइप लाइन फूट गई है तो वह एकत्रित हुए और झील वोट क्लब के पास सड़क पर जाम लगा दिया। यहां एक साइड की सड़क पहले ही खोद दी गई है, जिसके बाद कुछ लोगों ने दूसरे ओर की सड़क पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया और इस वजह से यहां वाहनों का लंबा जाम लग गया। जाम के कारण लोग आसपास की गलियों से होकर गुजरने लगे तो कुछ जाम खुलने का इंतजार करते रहे।
करीब आधा घंटे से ज्यादा देर तक चले प्रदर्शन के दौरान यहां वाहनों का लंबा जाम लग गया था। मुख्य सड़क से लगातार दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही भी होती रहती है। इस बीच एक एंबुलेंस भी निकली, जिसे निकालने के लिए प्रदर्शनकारियों ने जगह बनाई तो वहीं कुछ ही देर में वृंदावनबाग मंदिर का महावत भी हाथी लेकर आ गया। हाथी चुपचाप निकल जाए इसलिए लोग रास्ते से हट गए, लेकिन निगम के ठेकेदार और प्लंबर के मौके पर पहुंचने तक जाम व प्रदर्शन जारी रखा।
कई लोग निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी करते रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि निगम पहले ही दो से तीन दिन में जल सप्लाई कर रहा है और आज जब नल आए तो पाइप लाइन फूट गई।
इंटरनेट मीडिया पर लगातार शहर के किसी न किसी वार्ड में लोगों को समय पर पेयजल सप्लाई न होने पर नाराजगी जताते हुए देखा गया। कुछ वार्डों में दो दिन बाद तो कुछ में तीन से चार दिन वार्ड पानी पहुंचने पर लोग नाराज दिखे। कुछ लोगों ने आरोप लगाए कि निगम माह में 15 दिन भी पानी नहीं दे रहा है और लोगों से महीने भर का बिल ले रहा है तो कुछ लगातार हो रहे लीकेज तो कहीं बिजली कटौती व अन्य कारणों का हवाला देते हुए निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए भी दिखे। स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन से नियमित जल सप्लाई की मांग भी की।

 

Next Post

भारत अभियान मिशन के अंतर्गत कैदियों का होगा पुनर्वास, शिक्षा को देंगे बढ़ावा

इंदौर। 2030 का भारत अभियान के तहत लगातार विकास लक्ष्य हासिल करने के लिए आज इंदौर में कुछ सार्थक प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की गई। ये प्रोजेक्ट्स गरीबी, भुखमरी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से संबंधित होने के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडर्स के सहयोग, और कैदियों के बेहतर स्वास्थ्य, पुनर्वास व कल्याण के प्रति […]