छतरपुर । छतरपुर जिले के लवकुशनगर में पदस्थ महिला कृषि ग्रामीण विस्तार अधिकारी ने अपने ही विभाग के दो अधिकारियों पर गलत नजर रखने और अनैतिक वार्तालाप करने के आरोप लगाए हैं।
महिला अधिकारी ने आरोप लगाते हुए अपने विभागीय मुख्य सचिव को पत्र लिखकर शिकायत किया है।
शिकायत के सामने आने के बाद महिला अधिकारी को वहां से हटा दिया गया है और लवकुश नगर में पदस्थ वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी को अटैच कर दिया गया है।
लवकुश नगर में पदस्थ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने आरोपों में बताया कि वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी (लवकुश नगर) बीके निगम मेरे ऊपर गलत नियत रखते हैं। मेरे पहनावे को ताड़ते हैं। मेरे रहन-सहन पर नजर रखते हैं। मेरी चाल ढाल पर बुरी नियत रखते हैं। मेरे मोबाइल का पासवर्ड मांगते हैं। भ्रमण के दौरान साथ चलने के लिए परेशान करते हैं। मेरा हाथ पकड़ लेते हैं ओर बोलते है, इतना तो चलता है, मुझे अपना दोस्त समझो। यह भी कहते हैं कि मेरी बात माना करो नहीं तो तुम्हारी नौकरी ज्यादा दिन नहीं चलेगी। मुझे कई बार फोन करके रेस्टोरेंट ले जाने को कहा गया। मैंने मना कर दिया तो गुस्सा होकर नोटिस दे दिया।
महिला अधिकारी ने तत्कालीन कृषि उप संचालक सुरेश पटेल की भी शिकायत की है।
महिला ने बताया कि शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो परेशान होकर अपर मुख्य सचिव से शिकायत की गई।
महिला कृषि विकास अधिकारी द्वारा की गई शिकायत से अब पूरे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। शिकायत करने वाली महिला को सुरक्षा की दृष्टि से अटैच कर दिया गया है और बीके निगम को लवकुशनगर से हटा दिया गया है।
इस संबंध में छतरपुर कृषि उप संचालक डॉ. कबीर वैध का कहना है कि अभी शिकायत मिली है नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


