छिंदवाड़ा। शिवाजी महाराज चौक पर बीती रात पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 45 लाख रुपए नगद बरामद हुए। रकम का संतोषजनक हिसाब न मिलने पर पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग को दी।
एसडीओपी प्रियंका पांडे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि छिंदवाड़ा की ओर से आ रही एक कार में बड़ी मात्रा में नगदी ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिवाजी महाराज चौक पर घेराबंदी कर कार को रोका और तलाशी लेने पर 45 लाख रुपए नगद बरामद किए गए।
कार में सवार पीयूष साहू और संदीप तिवारी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वे यह नगदी ट्रक खरीदने के लिए नागपुर ले जा रहे थे। हालांकि, रकम के स्रोत और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज वे संतोषजनक रूप से प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मामला आयकर विभाग को सौंप दिया।
जबलपुर से आयकर विभाग की तीन सदस्यीय टीम सौंसर थाने में पहुंची और टीआई कक्ष को अस्थायी पूछताछ रूम बनाया।
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान पुलिस स्टाफ को कमरे में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। आयकर अधिकारियों ने मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
वहीं, कार से बरामद नगदी को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
स्थानीय स्तर पर हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि रकम नागपुर भेजी जा रही थी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने हवाला कनेक्शन की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल आयकर विभाग दस्तावेजों और बयान के आधार पर मामले की जांच कर रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


