इंदौर। रविवार शाम करीब 3 बजे से लगभग पूरे शहर में तेज बारिश शुरू हुई। कई इलाकों में आसमान में घने काले बादल छाने से दिन में अंधेरा छा गया।
मूसलाधार बारिश के चलते शहर के प्रमुख चौराहों पर जलजमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। इसके अलावा शहर के कई निचले इलाके के घरों और दुकानों में पानी भर गया। सड़कों में पानी भरने से बच्चे ने तैरना शुरू कर दिया। वही, दुकानदारों को अपने सामान को दुकानों की ऊंचाई वाली जगह पर रखना पड़ा।
शहर के पलासिया, गिटार तिराहा, स्कीम 140, खजराना, रोबोट चौराहा सहित कई इलाकों की सड़को में पानी भर गया। इस दौरान सड़कों में वाहन चालक परेशान होते रहे।
उधर, वासुदेव नगर में तेज बारिश के दौरान एक पेड़ घर के बाहर खड़ी कार में जा गिरा।
रविवार सुबह 11 बजे से ही मौसम बदलने लगा और कई इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कुछ देर बाद शहर के पूर्वी और मध्य इलाके में बारिश का दौर शुरू हो गया था।
अगस्त माह के तीसरे हफ्ते में तेज बारिश होने के बाद से लगातार मौसम बदला हुआ था। सितम्बर महीने के शुरुआत में तेज बारिश के साथ लोगों को उमस से राहत मिली।
इधर, सीजन में अब तक करीब 30 इंच बारिश हो चुकी है और कोटा 36 इंच का है। इस लिहाज से कोटा पूरा करने के लिए सिर्फ 6 इंच की जरूरत है।

