बुरहानपुर। जिले के खकनार थाना क्षेत्र के रामाखेड़ा गांव में शनिवार को पति-पत्नी के खून लथपथ शव पाए जाने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलने पर रविवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने जमीन के विवाद में मृतक के छोटे भाई द्वारा हत्या करने की आशंका जताई है।
खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि गांव का भंगड़ा भिलाला (55) अपनी पत्नी जेमा बाई (50) के साथ खेत में ही झोपड़ी बना कर रहता था। शनिवार शाम मृतक के पुत्र ने भंगड़ा को कई बार फोन लगाया, लेकिन उसने नहीं उठाया। इसके बाद उसने पड़ोस के खेत मालिक को पता करने भेजा तो पति-पत्नी मृत अवस्था में पाए गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के साथ ही परिवार के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल पर मिले खून और लाठी को भी साक्ष्य के तौर पर एकत्र किया गया है।
मृतक के पुत्र का कहना है कि चाचा व परिवार के लोगों से जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व पटवारी से सीमांकन भी कराया था, लेकिन परिवार के लोग संतुष्ट नहीं थे। संभवत: इसी विवाद के चलते उसके माता-पिता की हत्या की गई है।

