शहडोल। जिले के ब्योहारी वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों ने 3 लोगों को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इनमें से एक को तो उसकी पत्नी के सामने ही रौंद दिया। पत्नी ने किसी तरह पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई।
पहली मौत की जानकारी के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची ही थी, तभी दूसरी मौत की जानकारी लगी।
दूसरी घटना पहले घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर दूर है। अब हाथी के कुचलने से तीसरी मौत की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। यह घटना पहले और दूसरे घटना स्थल से करीब 13 किलोमीटर दूर है।
सोमवार को जिले के ब्यौहारी वन परिक्षेत्र के सनौसी और डोडा के जंगल में ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे, तभी हाथियों ने उन पर हमला कर दिया।
वन विभाग के एसडीओ रेशम सिंह धुर्वे ने बताया कि मोहनलाल पटेल (80) तेंदू पत्ता तोड़ने गया था, तभी हाथियों ने उसे कुचलकर मार डाला।
घटना के बाद से ही ग्रामीण काफी नाराज हैं। कुछ ग्रामीणों को डर है कि यह जंगली हाथी उन्हें और भी नुकसान ना पहुंचाएं।
जानकारी के मुताबिक सनौसी गांव के रहने वाले उमेश कोल अपनी पत्नी के साथ जंगल तेंदू पत्ता तोड़ रहे थे। तभी बांधवगढ़ की ओर से दो जंगली हाथी यहां पहुंचे। हाथियों को देखकर उमेश की पत्नी ने दौड़ लगा दी, वह एक पेड़ पर चढ़ गई। लेकिन, उमेश हाथियों के सामने आ गया। हाथियों ने उमेश को उसकी पत्नी के सामने ही कुचलकर मार डाला।
पेड़ में चढ़ी पत्नी ने चिल्लाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। लोग महिला की आवाज सुनकर वहां पहुंचे तब तक देर हो चुकी थी। उमेश की मौत पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जंगली हाथी संजय गांधी टाइगर रिजर्व की ओर बढ़ गए।
वही, सनौसी से करीब एक किलोमीटर दूर डोडा जंगल में भी हाथियों ने एक महिला को कुचल दिया। जिससे उसकी जान चली गई।
महिला का नाम देवगनिया बैगा पति एतु (45) था। वह भी जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ रही थी। तभी हाथी महिला के सामने पहुंच गए। वह चीखती रही, लेकिन हाथियों ने उसे कुचल दिया।
एक किलोमीटर के दायरे में हुई दोनों ही घटनाओं की जानकारी लगते ही पुलिस-प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बता दें कि ब्यौहारी वन परिक्षेत्र के जंगलों में दो दर्जन से अधिक जंगली हाथियों का झुंड पिछले कई महीनों से घूम रहा है। जिनकी निगरानी के लिए वन विभाग ने तीन टीमों का गठन किया है।
एसडीओ रेशम सिंह धुर्वे ने बताया है कि दो ग्रामीण की हाथियों के कुचलने से मौत हुई है। यह हाथी नए हैं और यह सोमवार सुबह-सुबह ही बांधवगढ़ जंगल की ओर से निकलकर बनास नदी होते हुए संजय गांधी टाइगर रिजर्व की ओर जा रहे थे। तभी अलग अलग स्थानों में तेंदूपत्ता तोड़ रहे तीन ग्रामीण को इन्होंने कुचला है। एसडीओ के अनुसार मृतकों के परिवार को तत्काल 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

