आयुर्वेद ने यूरिन ब्लॉकेज की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए जगाई नई उम्मीद, रिसर्च में मिला कारगार ईलाज

DR. SUMIT SENDRAM

ग्वालियर। मूत्र मार्ग संकुचन (यूरिन ब्लॉकेज) की जटिल बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए आयुर्वेद ने नई उम्मीद जगाई है।
जनरल ऑफ रिसर्च इन आयुर्वेद साइंस में चार सितंबर को प्रकाशित शोध में यह पाया गया है कि आयुर्वेद की उत्तर बस्ती नामक चिकित्सा पद्धति इस रोग के लिए प्रभावी, सुरक्षित और दीर्घकालिक समाधान है। इस चिकित्सा पद्धति से असाधारण लाभ का दावा किया गया है।
क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान ग्वालियर के अनुसंधान अधिकारी डॉ. अनिल मंगल व डॉ. अविनाश जैन (जयपुर) की देखरेख में यह शोध आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. एसएन पाण्डेय ने किया है।
उत्तर बस्ती नामक इस चिकित्सा पद्धति को केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद(सीसीआरएएस) के प्रोजेक्ट में शामिल किया गया।
बता दे कि सितम्बर 2023 में इस पर काम शुरू किया गया था। शोध में 35 वर्षीय एक युवक को शामिल किया गया जो लंबे समय से मूत्र मार्ग के संकुचन की समस्या से परेशान था। उसने कई बार सर्जरी करवाई, लेकिन हर बार राहत अस्थायी ही रही।
परीक्षण के बाद उसका ईलाज आयुर्वेदिक पद्धति उत्तर बस्ती के माध्यम से शुरू किया गया। ईलाज के कुछ ही समय बाद मरीज को असाधारण लाभ महसूस हुआ और धीरे-धीरे युवक को बीमारी से छुटकारा मिल गया।
गौरतलब है कि इस रोग से प्रभावित मूत्र मार्ग संकुचन रोग प्रति एक लाख पुरुषों में से करीब 300 को प्रभावित करता है। यह बीमारी अधिकतर 35 से 55 वर्ष की आयु के पुरुषों में देखी जाती है। इसका समय रहते ईलाज न होने पर जीवन की गुणवत्ता पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
इस प्रक्रिया में ईलाज के दौरान औषधीय तेलों या काढ़ों को मूत्रमार्ग में डाला जाता है। यह एक पंचकर्म प्रक्रिया ही है।
उत्तर बस्ती महिलाओं के लिए बांझपन, फैलोपियन ट्यूब ब्लाकेज, और मासिक धर्म संबंधी अनियमितताओं को ठीक करने में भी प्रभावी है।
क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान ग्वालियर के अनुसंधान अधिकारी डॉ. अनिल मंगल ने बताया कि आयुर्वेद न केवल लक्षणों को ठीक करता है, बल्कि रोग की जड़ तक पहुंचता है। उत्तर बस्ती जैसी विधियों से मूत्र मार्ग संकुचन जैसे रोगों का स्थायी समाधान संभव है। इस सफलता के बाद सीसीआरएएस ने इसे प्रोजेक्ट के रूप में स्वीकार किया है।

 

Next Post

अवैध शराब के खिलाफ कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

डिंडोरी। पुलिस अधीक्षक डिण्‍डौरी वाहनी सिंह के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डिण्‍डौरी) सतीष द्विवेदी के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात थाना कोतवाली […]