फैक्ट्री जा रहे मजदूर को मारी ट्रक ने जोरदार टक्कर, मजदूर की मौके पर मौत, गुस्साए परिजनों ने दमोह-छतरपुर हाइवे में किया चक्काजाम

DR. SUMIT SENDRAM

दमोह। जिले के नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोपरा पुल के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक सवार मजदूर को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके बाद परिजनों ने हाइवे पर चक्काजाम कर दिया जो करीब डेढ़ घंटे बाद खुला।
जानकारी के मुताबिक देहात थाना के ककरा गांव निवासी नन्नू पिता लल्लू अहिरवार (35) मजदूरी करने के लिए बाइक से इमलाई सीमेंट फैक्ट्री जा रहा था। इस दौरान दमोह तरफ से जा रहे ट्रक के चालक ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी प्रशिता कर्मी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी चालक को अपने कब्जे में ले लिया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दमोह-छतरपुर हाइवे पर जाम लग गया।
पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को जाम हटाने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन किसी वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े हुए थे। इस दौरान शव भी सड़क पर ही रखा रहा।
एसडीएम निकेत चौरसिया मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तब तक दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग चुकी थी।

 

Next Post

शिकायत को लेकर गुस्साया सरकारी डॉक्टर भाजपा नेताओं के पीछे फरसा लेकर दौड़ा, पुलिस कर रही मामले की जाँच

शहडोल। जिले धनपुरी नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. सचिन कारखुर के खिलाफ धनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। डॉक्टर पर आरोप है कि जब कुछ स्थानीय नेता अपना बयान दर्ज कराकर वापस लौटे, तो उनके पीछे डॉक्टर हमला करने की नियत से धारदार हथियार फरसा […]