एमएलए कोर्ट ने मंत्री उदय प्रताप सिंह से पूछा कि आप पर केस दर्ज करने के आदेश क्यों न दें? तिरंगे के अपमान से जुड़ा है मामला

जबलपुर। एमपी-एमएलए कोर्ट जबलपुर ने प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
राष्ट्र ध्वज के अपमान के आरोपों से जुड़े एक मामले में विशेष न्यायधीश डीपी सूत्रकार की कोर्ट ने मंत्री उदय प्रताप सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है।
कोर्ट ने पूछा है, क्यों न उनके खिलाफ राष्ट्र ध्वज के अपमान के अपराध में प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए जाएं?
बता दे कि नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव निवासी कौशल ने परिवाद दायर किया है।
उनके अधिवक्ता असीम त्रिवेदी ने कोर्ट को बताया कि 11 अगस्त 2024 को गाडरवारा में तिरंगा यात्रा निकली थी। इसका नेतृत्व मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया था। मंत्री खुली जीप के बोनट से जनता को संबोधित कर रहे थे। राष्ट्र ध्वज को बोनट पर ऐसे लगाया कि वह झुक रहा था और उनके पैर को छू रहा था। यह राष्ट्रध्वज का अपमान है। इसमें तीन साल की कैद का प्रावधान है।
अधिवक्ता असीम त्रिवेदी ने कोर्ट में तर्क दिया कि यह राष्ट्रीय गौरव का अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 के स्पष्टीकरण 4 (ज) का स्पष्ट उल्लंघन है। इसमें गाड़ी की बोनट, छत या कहीं और राष्ट्र ध्वज को ढंकना या इस तरह रखना निषिद्ध है, जिससे उसकी गरिमा खराब हो। यह संज्ञेय अपराध है। जिसमें तीन साल कैद का प्रावधान है।
शिकायतकर्ता ने सबसे पहले इस घटना की शिकायत गाडरवारा थाने में की। लेकिन, मंत्री के पद के कारण पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद कई बार लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को भेजी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब शिकायत रजिस्टर्ड डाक से गाडरवारा थाना प्रभारी को भेजी गई तो उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया, जो उनके वैधानिक कर्तव्यों के विपरीत है।
उन्होंने घटना के फोटो, मीडिया क्लिपिंग, मेल रिजेक्शन ट्रैकिंग रिपोर्ट और विभिन्न अधिकारियों को भेजी गई शिकायतों की प्रतियां पेश की।
कोर्ट ने मंत्री राव उदय प्रताप सिंह को नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

 

Next Post

अतिक्रमण हटाने गए तहसीलदार सहित पुलिस कर्मियों पर ग्रामीणो ने किया पथराव, टीआई सहित अन्य घायल

धार। जिले के धामनोद क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद छिड़ गया। शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा पथराव करने से धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे सहित कुछ लोगों के घायल […]