धार। जिले के धामनोद क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद छिड़ गया।
शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा पथराव करने से धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे सहित कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
हालांकि, तहसीलदार को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। मगर उनके और पुलिस के वाहन के कांच फूट गए हैं।
हालांकि, अभी इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई।
दरअसल, यह पूरा विवाद धरमपुरी से भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर और गांव के कुछ लोगों के बीच चल रहा है। जिसमें दोनों पक्षों द्वारा पहले एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी की शिकायत पुलिस से की थी।
आरोप है कि शनिवार को विधायक के दबाव में प्रशासनिक अमला अतिक्रमण हटाने पहुंचा था।
इस बात की जानकारी लगते ही ग्रामीण उग्र हो गए और पथराव कर दिया। जिसके चलते पुलिस वाहनों के शीशे भी टूट गए।
वहीं, पुलिस अधिकारी सहित कुछ जवानों को चोटें आई है।
घटना के बाद मौके पर मनावर एसडीएम सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद है।


