सिद्धपुरी गांव नहीं थी सड़क, मजबूरन गर्भवती को दो किमी तक चारपाई से ले गए परिजन

DR. SUMIT SENDRAM

जबलपुर। जिले के चरगवां के पास ग्राम पंचायत छपरा से जुड़े सिद्धपुरी गांव की हकीकत आज भी देश के विकास के दावों पर सवाल उठाती है। सड़क जैसी बुनियादी सुविधा न होने के कारण यहां के लोगों का जीवन आज भी जोखिम भरा है। इसकी सबसे ताजा तस्वीर हाल ही में देखने को मिली, जब 25 वर्षीय गर्भवती वर्षा बाई ठाकुर, पत्नी सतीश ठाकुर को प्रसव पीड़ा हुई।
परिजनों ने एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन नुनपुर रोड की बड़ी नहर की पुलिया तक ही एम्बुलेंस पहुंच पाई। पुलिया से आगे लगभग दो किलोमीटर तक कच्चा और ऊबड़-खाबड़ रास्ता है, जो बाद में केवल एक पगडंडी में बदल जाता है।
मजबूरन, वर्षा बाई को उनके परिजनों और ग्रामीणों ने चारपाई पर लेटाकर गांव से बाहर निकाला।
गर्भवती के परिजन नन्हेंलाल ठाकुर ने इस बदहाली की पूरी कहानी बताते हुए कहा कि यह समस्या आए दिन की हो गई है।
नन्हेंलाल ठाकुर के मुताबिक उन्होंने और गांव के अन्य लोगों ने कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच से सड़क निर्माण की गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला।
उन्होंने आगे बताया कि चुनाव के समय सरपंच पद के प्रत्याशी से लेकर विधायक तक सभी पक्की सड़क बनाने का वादा करते हैं, लेकिन पांच साल का कार्यकाल बीत जाने के बाद भी यह वादा अधूरा है।
बता दे कि सिद्धपुरी गांव में सैकड़ों की आबादी है और यहां के लोगों को रोजमर्रा के जीवन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बच्चों को स्कूल भेजना हो या खेत तक जाना, सड़क न होने से हर काम मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि जब नेताओं को वोट चाहिए होता है तो वे गांव में आकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई उनकी सुध नहीं लेता।
इस घटना ने ग्रामीणों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक वे इस उपेक्षा का शिकार होते रहेंगे।

 

Next Post

एमपीपीएससी 2024 के अंतिम परिणाम जारी, 953 अंक प्राप्त कर पहले स्थान पर रहे देवांशु शिवहरे रहे

इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया। इस बार आयोग ने ओबीसी आरक्षण से जुड़े मामले के कारण परिणाम को दो हिस्सों में घोषित किया है। कुल परिणाम में से 87 प्रतिशत मुख्य परिणाम जारी किया गया है। […]