गोमांस विवाद पर कांग्रेस ने किया नगर निगम का घेराव, जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

भोपाल। गोमांस मिलने के मामले को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को नगर निगम के माता मंदिर स्थित मुख्यालय का घेराव किया।
बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और गाय के पोस्टर लेकर पहुंचे और नगर निगम व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के चलते सुबह लगभग 11.30 बजे तक निगम कार्यालय में कामकाज ठप रहा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर निगम के आधुनिक स्लॉटर हाउस से निकले वाहन में 26 टन मांस मिला, जिसमें गोमांस की पुष्टि हुई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार है, तब राजधानी भोपाल में गोमांस की बिक्री और तस्करी कैसे हो रही है।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अमित शर्मा ने कहा कि यह पूरा मामला बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं है।
उन्होंने पूछा कि स्लॉटर हाउस से मांस से भरी गाड़ी बाहर कैसे निकली, ठेकेदार को टेंडर किसने दिलाया और किन लोगों को इस गोरखधंधे से फायदा पहुंचाया जा रहा था।
कांग्रेस ने मांग किया कि दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ठेकेदार के घर और स्लॉटर हाउस पर बुलडोजर चलाया जाए तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी और मुख्यमंत्री व महापौर निवास का भी घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
कांग्रेस का कहना है कि जब तक इस मामले में जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।
नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने रिपोर्ट के आधार पर स्लॉटर हाउस सील करने की बात कही है।
वहीं, अपर आयुक्त एवं गोवर्धन परियोजना के प्रभारी हर्षित तिवारी ने मांस के निपटान और बाहर ले जाने की प्रक्रिया को नियमों के तहत बताया। हालांकि, निरीक्षण, रिकॉर्ड एवं निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी, इस पर स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका है।
चूंकि, स्लॉटर हाउस का ठेका मेयर इन काउंसिल से स्वीकृत हुआ था, इसलिए महापौर की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

 

Next Post

सड़क हादसे में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी सहित तीन लोगों की मौत

इंदौर। महानगर के तेजाजी नगर में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन और कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर सहित तीन की मौत हो गई। वही, कार सवार एक युवती […]