रतलाम। शहर के चांदनी चौक में बंदूक की एक दुकान में अचानक धमाका हो गया।
सोमवार को हुए धमाके में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शहर के चांदनी चौक में अब्दुल कादरी के नाम से आर्म्स की दुकान है।
बताया जा रहा है कि दुकान में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। जिससे चिंगारी बारूद पर जा गिरी। इससे धमाका हुआ है।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाने और राहत कार्य के प्रयास किए गए।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर बारीकी से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुकान में रखा बारूद फटा या धमाके की वजह कुछ और थी।
हादसे में दुकान संचालक युसूफ अली (58), नाजिम (32) एवं शेख रफीकुद्दीन (35) गंभीर रूप से झुलस गए है।
फिलहाल घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
अति. पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा ने बताया कि चांदनी चौक में युसूफ की दुकान है, जहां लाइसेंसी हथियार रखे हुए थे। हमें यहां विस्फोट की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में पता चला है कि घटना में तीन लोग झुलसे हैं। एफएसएल की टीम मौके पर बुला ली गई है जो जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर सामने आया है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से यह हादसा हुआ है। हालांकि, विस्फोट की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।


