कटनी। जिले के बड़वारा थानांतर्गत ग्राम विलायतकला में शुक्रवार की शाम एक चाय नाश्ते की दुकान में अचानक गैस सिलेंडर में आग भड़क उठी। अचानक आग बढ़ी और नजदीक रखा दूसरे सिलेंडर भी आग के चपेट में आ गया। जिसके बाद एक के बाद एक दो सिलेंडर फटे और उसमें दुकान संचालक सहित उसका भाई झुलस गया, जबकि नजदीक खड़े तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए। सभी को बड़वारा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से दुकान संचालक व उसके भाई को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की शाम को बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम विलायत कला में गांव के ही मनोज यादव की चाय नाश्ते की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के अंदर रखे सिलेंडर भी फटना शुरू हो गए। घटना में दुकान संचालक मनोज यादव और उसका भाई महेंद्र यादव झुलस गए। साथ नजदीक खड़े तीन लोग भी मामूली रूप से घायल हुए।
हादसे के बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार कर उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि दुकान के ही कमरे में तीन और सिलेंडर रखे हुए थे और ग्रामीणों ने उनको किसी तरह बाहर निकाल कर आग पर काबू पाया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि दुकान में घरेलू सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था।
घटना की जानकारी लगने पर बड़वारा पुलिस भी मौके पर पहुंची।

