खेत से धान चुरा कर भाग रहे गैंग के 6 बदमाशों को पनागर पुलिस ने दबोचा, 174 बोरी धान के साथ पिकअप वाहन पुलिस ने किया जब्त

जबलपुर। अब तक आपने सोने-चांदी के जेवर, वाहन या नकदी चुराने वाली गैंग के बारे में सुना होगा, लेकिन जिले के पनागर में धान चुराने वाली गैंग का मामला पहली बार सामने आया है। चोरों ने खेत में रखी सैकड़ों बोरी धान चुराई।
पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुखबिर की मदद से दो दिन में धान चोर गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की गई 174 बोरी धान बरामद की। साथ ही, चोरी में उपयोग किए गए पिकअप वाहन (एमपी 20 जेडएच 9764) को भी जब्त किया।
जानकारी के मुताबिक उमरिया चौबे गांव के किसान रवि शंकर पटेल ने अपने खेत में 180 बोरी धान रखी थी। शनिवार सुबह खेत पहुंचे तो देखा कि सारी धान गायब है। घटना की सूचना पनागर पुलिस को दी गई।
जिसके बाद पनागर थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी की गई धान उमरिया चौबे गांव से 7 किलोमीटर आगे तिरपाल से ढककर छिपाई गई है। जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई और उस स्थान को घेर लिया जहां पर धान का स्टॉक छुपाकर रखा हुआ था।
पनागर पुलिस ने धान के पास सत्यम पटेल, सचिन दाहिया और जितेंद्र ठाकुर को पकड़ा।
पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने गैंग बनाकर शनिवार रात को धान चोरी की थी। तीन अन्य आरोपियों के नाम निखिल केवट, सुमित केवट और अज्जू दाहिया बताए गए, जिन्हें भी पुलिस ने पकड़ लिया। चोरी के दौरान पिकअप वाहन से 8 चक्कर लगाकर धान चोरी की गई थी।
गिरोह का मास्टर माइंड सत्यम पटेल है, जिसने चोरी के लिए पिकअप वाहन बैंक से फाइनेंस कराया था। वाहन का पहली बार उपयोग चोरी के लिए हुआ और आरोपी पकड़े गए। पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि पहले भी उन्होंने धान चोरी की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सके।

 

Next Post

झोपड़ी में आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत, खलिहान में रखे पैरा में लगी आग फैली झोपड़ी तक

सिंगरौली। चितरंगी तहसील के ग्राम बड़गड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खलिहान में रखे पैरा और झोपड़ी में अचानक आग लगने से झोपड़ी में सो रहे दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 10 माह की दौली और तीन वर्षीय बाबूलाल शामिल हैं, […]