इंदौर। आरटीई के पहले चरण में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।
अब दूसरे चरण की शुरुआत दो अप्रैल से हो रही है।
दो से चार अप्रैल के बीच आवेदनकर्ता को आनलाइन स्कूल च्वाइस फिलिंग करना होगा। इसके बाद आठ अप्रैल को आनलाइन लाटरी खोली जाएगी।
दूसरे चरण की लाटरी में स्कूल आवंटित होने के बाद 12 से 18 अप्रैल तक आवंटित स्कूल में प्रवेश लेना होगा।
जानकारी के मुताबिक इस बार आरटीई की प्रवेश प्रक्रिया समय पर चल रही है। पहले चरण में 10 हजार से अधिक आवेदकों ने आनलाइन आवेदन किया था। पहले चरण में 4 हजार 788 पालकों की लाटरी खुली थी। अब जिले की करीब 12 हजार सीटों के लिए दूसरे चरण में लाटरी खोली जाएगी।
जिला परियोजना समन्वयक शांता स्वामी भार्गव ने बताया कि जिन आवेदकों की लाटरी पहले चरण में खुल चुकी है और उन्होंने प्रवेश नहीं लिया है, वे दूसरे चरण में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
वहीं जिन पालकों के नाम पहले चरण की लाटरी नहीं खुला है, वे दूसरे चरण में स्कूल च्वाइस फिलिंग कर करेंगे। इस दौरान दोबारा दस्तावेज आदि जमा करने की जरूरत नहीं है। दूसरे चरण में 18 अप्रैल तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाना है। इसके बाद तीसरे चरण की लाटरी खोली जाएगी।
शांता स्वामी भार्गव ने बताया कि जो भी स्कूल आरटीई के तहत प्रवेश देने से मना करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पहले चरण में भी कुछ स्कूलों द्वारा प्रवेश देने से मना किया गया था, लेकिन प्रशासन की सख्ती के बाद उन्हें प्रवेश देना पड़ा था।


