भोपाल। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भले ही पार्टी का टिकट न मिला हो, लेकिन उनके तेवर ठंडे नहीं पड़े हैं। उन्होंने सीहोर विधायक सुदेश राय पर अवैध शराब दुकान चलाने का आरोप लगाया और हथोड़ा लेकर दुकान का ताला तोड़ा।
इस दौरान पुलिसकर्मी हाथ जोड़कर खड़े रहे और उनसे रुकने की फरियाद करते रहे। वह नहीं मानीं और ताला तोड़ दिया। हालांकि, विधायक सुदेश राय ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
मामला सोमवार का है। सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर सीहोर के खजुरिया कलां गांव में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। वहां ग्रामीणों और स्कूली छात्राओं ने शराब दुकान की शिकायत की। इस पर साध्वी ने हाथ में हथोड़ा उठाया और पत्थर के साथ शराब दुकान का दरवाजा तोड़ने पहुंच गईं।
ताला तोड़कर उन्होंने दुकान से शराब को बाहर निकलवाया और उसे फिकवाया।
आबकारी विभाग ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अवैध शराब का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खजुरिया कलां गांव के स्कूल के पास ही एक शराब दुकान संचालित हो रही थी, जिसे लेकर लोगों में विरोध था। सांसद ने भाजपा विधायक सुदेश राय पर अवैध तरीके से शराब दुकान चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने सुदेश राय को विधायक पद से हटाने की मांग भी कर दी। सांसद ने कहा कि मुझे यह बताते हुए शर्म आ रही है कि यह ठेका भाजपा विधायक का है। इस मामले में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। आबकारी विभाग का जो अधिकारी इसमें मिला हुआ है, उसे तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश कलेक्टर को दिए गए हैं।
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर जब शराब दुकान का ताला तोड़ने हथोड़ा और पत्थर लेकर जा रही थी, तब पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इसके बाद भी सांसद ने दुकान के दरवाजे का ताला तोड़ दिया। सांसद ने कहा कि गिरफ्तार करना है तो कर लीजिए। हम भी विनम्रतापूर्वक कह रहे हैं। बच्चियों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे, क्योंकि यह गलत कार्य है।


