दस से ज्यादा बार चाकुओं से गोदकर ठेकेदार की हत्या, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी के कोलार क्षेत्र में पुताई ठेकेदार की चाकू-छुरी से दस से अधिक वार कर हत्या कर दी गई।
वारदात पुरानी रंजिश में अंजाम दी गई।
मृतक और आरोपी पहले दोस्त थे। युवक आरोपियों की गलत हरकतों और मोहल्ले में आतंक का विरोध करता था। इसी कारण उसने उनसे बात बंद कर दी थी। इसी से नाराज होकर बदमाशों ने हत्याकांड किया।
बताया गया कि निखिल सितोले पिता सतीश सितोले (20) सर्वधर्म दामखेड़ा में शुक्रवार रात 9:30 बजे घर के बाहर खड़ा था, तभी आरोपी धनु, गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू आए और चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
वारदात इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए की गई। आरोपी आए दिन इलाके में दहशत फैलाते हैं और मुंह खोलने वालों को बेरहमी से पीटते हैं।
निखिल उनकी हरकतों का खुलकर विरोध करता था। इसी बात पर बदमाशों ने शुक्रवार शाम उसे धमकाने का प्रयास किया। निखिल ने विरोध कर पुलिस में शिकायत की बात कही तो आरोपी उससे हाथ-मुक्कों से मारपीट कर फरार हो गए।
जाते समय आरोपियों ने उसे मोहल्ले में न दिखने और मुंह बंद रखने की धमकी दी थी। शुक्रवार रात निखिल घर के बाहर अकेला खड़ा था। जानकारी मिलते ही आरोपियों ने चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ वार किए। परिजन उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान तड़के उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
मृतक के पिता सतीष शितोले ने बताया कि आरोपी पुराने बदमाश हैं। पुलिस उनका जुलूस निकाल चुकी है। वे पांच दिन पहले ही जेल से छूटे हैं। औरतों से छेड़छाड़ करते हैं। नशे में वाहनों को फोड़ देते हैं और लोगों से मारपीट करते हैं। कोई विरोध करे तो मेरे बेटे जैसा हाल कर देते हैं। मेरा बेटा काम करता था और परिवार का सहारा था। पुताई के ठेके लेकर अच्छी कमाई करता था।
वह आरोपियों से किसी तरह का संबंध नहीं रखना चाहता था और अपने काम से काम रखता था। बदमाशों की गलत हरकतों का विरोध करता था। यही उनसे बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने मेरे बेटे की जान ले ली।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि आरोपी धनु को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

Next Post

तालाब में नहाने गई चार किशोरियां डूबीं, दो की दर्दनाक मौत, 2 को ग्रामीणों ने बचाया, गांव में शोक की लहर

मैहर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेहरा तालाब में तालाब में नहाने गई तीन नाबालिग किशोरियां और एक युवती गहरे पानी में डूब गई। घटना शनिवार सुबह की है। हादसे में दो किशोरियों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य को स्थानीय लोगों द्वारा बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक […]