अलीराजपुर। पुलिस से बेखौफ बदमाश अब दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
जिले के जोबट में शुक्रवार को दिनदहाड़े तीन बाइक पर आए आठ नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया और एक महिला को फालिया मारकर दुकान से करीब आठ किलो चांदी के जेवर लूटकर ले गए। शाम तक पुलिस डकैतों का पता नहीं लगा पाई थी।
घटना से पूरा नगर सहम गया है। व्यापारियों ने विरोध करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह 11.25 से 11.30 बजे के बीच हुई। नगर के शिव मार्ग पर सराफा बाजार में सावन सोनी की आरजे ज्वेलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान है। घटना के समय उनकी माता राधिका सोनी (55) दुकान पर बैठी थीं। सुबह 11.25 बजे मस्जिद की ओर से तीन बाइक पर आठ बदमाश चेहरे पर कपड़ा बांधकर आए। दो बाइक पर तीन-तीन तथा एक बाइक पर दो लोग बैठे थे।
तीनों बाइक दुकान के सामने खड़ी कर चार-पांच बदमाश तेजी से नीचे उतरे और दुकान में घुसकर काउंटर पर बैठीं महिला पर फालिये से गर्दन की ओर वार कर दिया। खुद का बचाव करने के लिए उन्होंने हाथ आगे किया तो हाथ कट गया और गर्दन पर भी चोट आई। महिला लहूलुहान होकर निढाल हो गई।
इसके बाद बदमाशों ने तेजी से दुकान में रखे जेवर अपने साथ लाए कपड़े के थैले में डाले। इतना ही नहीं घायल महिला के गले से सोने की चेन भी निकाल ली। इस बीच तीन बदमाशों ने बाइक को चालू स्थिति में रखा था। एक डकैत के हाथ में देशी कट्टा भी था। पांच मिनट के भीतर ही बदमाश डकैती को अंजाम देकर भाग निकले।
घटना के दौरान मार्ग पर आवागमन जारी था और कई लोगों ने वारदात को घटते देखा। हालांकि हथियारबंद बदमाशों को देख लोग सहम गए और इधर-उधर भागने लगे। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही बदमाश वारदात को अंजाम देकर बोरी मार्ग की ओर भाग निकले।
इसके बाद आसपास के लोग दौड़कर आए और पुलिस को सूचना दी। करीब 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल राधिका सोनी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हाथ और गर्दन में गंभीर घाव होने से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दाहोद रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सराफा कारोबारी सहित जोबट के अन्य व्यापारी मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों में घटना को लेकर बहुत आक्रोश है। सराफा बाजार सहित नगर के अन्य प्रतिष्ठान भी घटना के विरोध में दिनभर बंद रहे।
डकैती की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास भी घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर जांच की तथा पूरी घटना का ब्योरा लिया। बाद में एसपी शहर के व्यापारियों से भी मिले। व्यापारियों ने एसपी से कहा कि सराफा बाजार में पुलिस की तैनानी रहनी चाहिए।