शिवपुरी। जिले की पोहरी पुलिस ने एक बाइक चोर गिरोह को पकड़ उसका पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने पकड़ा है। इस पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने इनकी कीमत 10 लाख रुपए बताई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन जब्त बाइकों में से कई बाइकों के इंजन और चैसिस नंबर मिटाए गए हैं।
पुलिस ने बताया है कि 02 मई को भगवती कॉलोनी निवासी अमन धाकड़ की बाइक केदारेश्वर मंदिर के बाहर से चोरी हो गई थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस जांच में पुलिस को अगले दिन दो संदिग्धों की सूचना मिली। घेराबंदी कर पुलिस ने बल्ले उर्फ बालकिशन पिता जगदीश कुशवाह (27) निवासी आनंदपुर थाना छर्च को पकड़ लिया। उसका दूसरा साथी सुनील बाल्मीक फरार हो गया, जो राजस्थान के बारां जिले का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया है कि पूछताछ में बल्ले ने खुलासा किया कि वे दोनों मिलकर बाइकें चुराते थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रौनक ढाबा के पीछे जंगल में बने खंडहर से 10 बाइकें बरामद कीं। कई बाइकों के इंजन और चैसिस नंबर मिटाए गए थे।
कार्रवाई में पोहरी एसडीओपी सुजीत भदौरिया, थाना प्रभारी रजनी सिंह चौहान, एसआई विनोद यादव सहित 11 पुलिसकर्मी की टीम शामिल रही।

