युवती के साथ गैंगरेप की वारदात की जांच के लिए एसआईटी का गठन, 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ

महू। बड़गोंदा थाना क्षेत्र के बेरछा जंगल में मंगलवार दोपहर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने व साथी मित्र के साथ मारपीट के गंभीर अपराध में पुलिस अब भी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने मामले की जांच करने के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित की है।
एसआईटी ने करीब 10 संदिग्ध व्यक्तियों को भी पकड़ा है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर इंदौर के कॉलेज में पढ़ने वाली युवती अपने मित्र के साथ महू घूमने आई थी। दोनों ने बड़गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले लगनचा भेरू के दर्शन किए। इसके बाद वहां से निकल कर बेरछा के जंगल में जाकर बैठे हुए थे। तभी वहां पर दो अज्ञात बदमाश पहुंचे और युवक के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद युवती को पकड़ घसीटते हुए जंगल में लेकर गए।
बदमाशों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
इस बीच युवक ने 112 पर फोन कर जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल खंगाला, लेकिन तब तक बदमाश वहां से फरार हो गए थे।
पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपी अब भी महू तहसील क्षेत्र में ही हैं। परंतु जंगल में घटना होने के कारण पुलिस को कोई महत्वपूर्ण सुराग नहीं मिल पाया है।
पीड़िता व उसके मित्र द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
अति. पुलिस अधीक्षक रूपेश द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में एसआईटी गठित की है, जिसमें बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले, मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकानै सहित अन्य 10 पुलिसकर्मी भी हैं।
टीम द्वारा जगह-जगह दबिश दी जा रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। टीम ने करीब 10 संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

 

Next Post

जहरीली गैस ने छीनी मासूमों की सांसें, एक बच्ची इंदौर रेफर; दो का इलाज जारी

उज्जैन। इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी हिल्स मे रूह कंपा देने वाली घटना घटित हुई है। पिता के घर आई दो बेटियों ने हादसे में अपनी मासूम संतानों को खो दिया। भूखी माता मंदिर मार्ग पर ईंट भट्टा संचालित करने वाले लालचंद प्रजापत के त्रिवेणी हिल्स स्थित मकान में उनकी दो […]