बुरहानपुर। खकनार थाना क्षेत्र के देड़तलाई में रविवार को एक बेसहारा माँ की लाचारी का फायदा उठा कर उसकी गोद से एक माह के मासूम को छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के धारणी की रहने वाली आदिवासी महिला ममता बाई अपने शराबी पति द्वारा ठुकराए जाने के बाद अपने तीन बच्चों के साथ भटकती हुई देड़तलाई पहुंची थी।
वहां दो बेटियों और एक माह के बेटे की भूख मिटाने के लिए उसने एक ढाबे पर काम मांगा, लेकिन निराशा हाथ लगी। किसी और जगह काम मिलने की उम्मीद में आगे बढ़ी तो गांव के दो हैवान कलीम शाह और इम्तियाज बाइक से पहुंचे और महिला को काम व पैसा देने की बात कह कर अपने साथ घर ले गए। वहां महिला को दस हजार रुपये नकद और काम देने की बात कह कर उसकी गोद से एक माह के मासूम को छीन लिया। हालांकि, आरोपी कलीम बच्चे को गोद लेने की बात कह रहा था।
शेष दो बेटियों की भूख देख कर एक बार तो ममता सोच में पड़ गई, लेकिन जैसे ही मासूम जोर-जोर से रोया, माँ का कलेजा फट गया और वह अपना बच्चा वापस मांगने लगी।
पुलिस के मुताबिक महिला और कलीम के बीच हुई बातचीत का एक युवक ने वीडियो बना लिया था। इसे इंटरनेट मीडिया पर बहु-प्रसारित किया गया तो हिंदूवादी संगठन भी जागे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
कलीम के घर पर घटनाक्रम चल ही रहा था, कि पुलिस वहां पहुंच गई और महिला सहित कलीम को थाने ले गई। सारा मामला समझने के बाद आरोपी कलीम शाह और इम्तियाज खान के खिलाफ मानव तस्करी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया। कलीम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इम्तियाज अभी फरार है।
पीड़ित महिला को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। उसके पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि आदिवासी महिला को लालच देकर उसका एक माह का बेटा ले लेने पर दो लोगों के खिलाफ मानव तस्करी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे की तलाश की जा रही हैं।


