ग्वालियर। कोरोना संक्रमित एक मरीज मिलने के बाद जयारोग्य अस्पताल से लेकर जिला अस्पताल तक के स्वास्थ्य अधिकारियों में सनसनी फैल गई हैं।
प्रशासन द्वारा लोगों को सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर जांच कराने की अपील की गई है। साथ ही जयारोग्य अस्पताल के साथ जिला अस्पताल में बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
जयारोग्य अस्पताल के पुराने आईसीयू में 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसके साथ ही जिला अस्पताल में 12 पलंग का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने अन्य सरकारी अस्पताल सहित निजी अस्पतालों को इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
डॉक्टर के मुताबिक तेज बुखार होना या शरीर में ताप रहना, पूरे शरीर में हर वक्त बहुत दर्द रहना और सिर में दर्द होना, खाने में स्वाद का पता न लगना और गंध का न आना, आवाज का हमेशा बैठे रहना एवं डायरिया होना या फिर दस्त होना कोरोना के मुख्य लक्षण है।
जयारोग्य अस्पताल में माधव डिस्पेंसरी के कमरा नंबर 13 को कोल्ड ओपीडी के रूप में चिह्नित किया गया है, जहां बुखार, सर्दी, खांसी जैसे लक्षण वाले मरीजों की जांच की जाएगी। कोल्ड ओपीडी की सुविधा आज से शुरू की जाएगी। इसमें संदिग्ध मरीजों की सैंपलिंग होगी।
कोविड संक्रमित मरीज के सामने आने के बाद जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना और सहा. अस्पताल प्रबंधक डॉ. बालेन शर्मा ने कोविड संबंधी व्यवस्थाओं की तैयारी का जायजा लिया।
जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच किट उपलब्ध नहीं है।
प्रबंधन का कहना है कि जांच किट की मांग भेज दी गई है। यहां का आक्सीजन प्लांट भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। इसको सही कराने के निर्देश अस्पताल प्रबंधन ने दिए हैं।
बता दे कि ग्वालियर में कोरोना का पहला केस 24 मार्च 2020 को चेतकपुरी में निकला था। इस बार मरीज हरिशंकरपुरम में मिला है। यह दोनों कॉलोनियां आमने-सामने हैं।
वहीं, 2020 में जो मरीज मिला था वह भी बाहर से घूमकर आया था और यह मरीज भी मुंबई से लौटा है।
कोरोना जांच के लिए वायरोलाजी लैब गजराराजा मेडिकल कॉलेज को अधिकृत किया गया है। सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि संभावित कोविड को देखते हुए जयारोग्य चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल ग्वालियर सहित चार निजी चिकित्सालय बिरला अस्पताल, आरजेएन अपोलो, सिम्स हॉस्पिटल, कल्याण मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में निर्धारित प्रोटोकाल का पालन करते हुए बेड आरक्षित कराए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की है कि कोविड के लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें और जांच करवाएं। साथ ही, मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और हाथों की स्वच्छता जैसे कोविड प्रोटोकाल का पालन करें। इसके साथ ही दवाएं व अन्य सामग्री का पर्याप्त स्टाक रखने व ऑक्सीजन प्लांट की जांच कर उनको चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।


