दमोह। जिले के संग्रामपुर पुलिस चौकी अंतर्गत दमोह जबलपुर स्टेट हाइवे पर बस पलट गई।
बताया गया कि बस में 40 यात्री सवार थे। बस पलटते ही अफरातफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी। लोगों की चीखपुकार से माहौल गूंज उठा।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बस जबलपुर से दमोह जा रही थी कि गुबरा गांव के पास अनियंत्रित होकर बस पलट गई।
दुर्घटना में 12 लोग घायल हुए हैं। इसमें से चार की हालत गंभीर बताई गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दुर्घटना में बस में सवार अधिकांश लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
संग्रामपुर चौकी प्रभारी आलोक त्रिपुडे ने बताया कि गुबरा के पास यात्री बस पलटने की सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे थे। बस तेज गति में होने के कारण बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में चार यात्री घायल हुए हैं जिन्हें कटंगी अस्पताल भेजा गया है। बाकी सभी यात्री सुरक्षित है।


