खंडवा। जिले के जावर थानांतर्गत ग्राम लखनगांव में महिला को साथ ले जाने के विवाद में तीन मकानों में 12 से अधिक लोगों ने मिलकर आग लगा दी। इसमें घरेलू सामान सहित 12 बकरियां भी जल गई।
जावर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक फरियादी धुंधरी बाई पत्नी लाल सिंह ने शिकायत में बताया कि बुधवार को ग्राम लखनगांव में तीन मकानों में आरोपी वेस्ता पिता रतन, मेहताब पिता वेस्ता, बुधेसिंह पिता वेस्ता, मुकाम सिंह पिता रतन, सुमेर पिता मुकाम, निवासी लखणगांव एवं राजेंद्र दुदवा निवासी बिजौरा भील व अन्य आरोपियों ने एक मत होकर हमला करते हुए आग लगा दी थी।
जानकारी के मुताबिक आरोपी मेहताब की पत्नी सुनीता उर्फ सलीता फरियादी धुंधरीबाई के लड़के इंदर के साथ रहने लगी थी। इस पर मेहताब ने आपत्ति ली थी। इसे लेकर लखनगांव मे पंचायत बैठी थी। इसके बाद सुनीता अपने पति मेहताब के साथ वापस चली गई थी। इस बात को लेकर आरोपी एक साथ एक मत एक राय होकर आए और फरियादी के परिजनों को अश्लील गालियां दी।
फरियादी के तीनों लड़को दलसिंह, निहाल सिंह, इंदरसिंह के घर में आग लगा दी। इससे उनके घर जल गए। घर में रखा सामान बिस्तर पेटी, बर्तन, कपडे, कोठी, अनाज, पंखे, पेटियों में रखी रकम, दस्तावेज, किताबें जल गई। घर में बंधी 12 बकरियां जल गई थी। इससे करीबन ढाई लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जावर पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंचे आग पर काबू पाया। जब तक सभी आरोपी भाग निकले थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश मे टीम रवाना कर दी है।

