तालाब में नहाने गई चार किशोरियां डूबीं, दो की दर्दनाक मौत, 2 को ग्रामीणों ने बचाया, गांव में शोक की लहर

मैहर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेहरा तालाब में तालाब में नहाने गई तीन नाबालिग किशोरियां और एक युवती गहरे पानी में डूब गई। घटना शनिवार सुबह की है।
हादसे में दो किशोरियों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य को स्थानीय लोगों द्वारा बचा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक चारों किशोरियां तालाब में नहाने के लिए पहुंची थीं। नहाने के दौरान अचानक एक किशोरी का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों किशोरियां भी गहराई की ओर बढ़ गईं, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण सभी डूबने लगीं। कुछ ही क्षणों में स्थिति गंभीर हो गई और वहां अफरा-तफरी मच गई।
तालाब के आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किशोरियों को डूबता देख तुरंत पानी में छलांग लगा दी और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दो किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच सकी। हालांकि, अन्य दो किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सर्च ऑपरेशन चलाकर काफी प्रयासों के बाद दोनों किशोरियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
मृतकों में एक की पहचान पूनम चौधरी के रूप में हुई है, जबकि दूसरी किशोरी की पहचान अंचल चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद मृतक किशोरियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गहरे और असुरक्षित जलाशयों में नहाने से बचें। विशेष रूप से बच्चों और किशोरों को बिना निगरानी के पानी के पास न जाने दें। साथ ही, जलाशयों के पास चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

 

Next Post

ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, इकलौते बेटे का सिर-धड़ अलग, दो घायल

राजगढ़। जिले में शुक्रवार शाम 7 बजे नेशनल हाईवे-52 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी। भीषण हादसे में मां और एक साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया। मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र का है। […]