खंडवा। जिले के ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में आयोजित पांच दिवसीय आचार्य शंकर प्रकटोत्सव ‘एकात्म पर्व 2026’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सहभागिता कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वही, उन्होंने आयोजन परिसर में लगी पुस्तक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परम पूज्य द्वारका पीठाधीश्वर, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज को अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में एकात्म धाम के द्वितीय चरण में आचार्य शंकर के जीवन और दर्शन पर केंद्रित ‘अद्वैत लोक’ संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है।
इस संबंध में मई 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में ‘अद्वैत लोक’ संग्रहालय के निर्माण के लिए 2195 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई थी।
वहीं, वैदिक अनुष्ठान के बाद ‘एकात्म पर्व’ के पांच दिवसीय आयोजन के अंतर्गत अद्वैत वेदांत की समकालीन परंपराओं पर विस्तृत और सार्थक संवाद प्रारंभ हुआ। पहले दिन ‘अद्वैत एवं जेन-जी जैसे महत्वपूर्ण और समसामयिक विषय पर स्वामी स्वात्मानंद सरस्वती, स्वामिनी ब्रह्मप्रज्ञानंद सरस्वती, सतावधानी ललितादित्य और विशाल चौरसिया ने युवाओं के नजरिए से अद्वैत की व्याख्या की। वहीं, देर शाम ‘उड़िया बाबा’ विषय पर मां पूर्णप्रज्ञा, स्वामी प्रणवानंद सरस्वती और आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण (अयोध्या) द्वारा इस परंपरा के दार्शनिक पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।


