सिंगरौली। बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार दोपहर 5 हथियारबंद बदमाश घुसे। फायरिंग कर करीब 9-10 किलो सोना और 20 लाख नगदी लेकर फरार हो गए। सोने की कीमत करीब 15 करोड़ आंकी गई है।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक लूटा गया सोना ग्राहकों का था, जिसे बैंक ने गिरवी रखकर लोन जारी किया था। सोना एक ही लॉकर में रखा गया था, जिसे बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपी पिट्ठू बैग के साथ एक बड़ा कपड़े का थैला लेकर आए थे। उसी में सारा माल भरकर फरार हो गए।
मौके पर मौजूद चश्मदीद ने बताया कि जब वह अपनी पत्नी के साथ बैंक में काम करा रहे थे, तभी अचानक दो हथियारबंद बदमाश अंदर दाखिल हुए। उन्होंने तुरंत बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके कुछ ही मिनटों बाद तीन और हथियारबंद साथी अंदर पहुंचे। पूरे बैंक को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों पर बंदूक तान दी, जिससे बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर रात करीब 10:45 बजे डीजीपी कैलाश मकवाना सिंगरौली पहुंचे। इसके पहले रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रसाद पांडे मौके पर पहुंचे। उनके साथ रीवा से फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए आई है।
एसपी मनीष खत्री के अनुसार बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश की चाबियां और नगदी की जानकारी मांगी। जब मैनेजर ने आनाकानी की तो उनके साथ जमकर मारपीट की। बंदूक की बट से उनके सिर पर वार किया। करीब 15 मिनट तक बैंक के अंदर जमकर उत्पात मचाया। अंत में नगदी और जेवर से भरा थैला लेकर भाग गए।
वारदात की सूचना मिलते ही सिंगरौली एसपी मनीष खत्री दलबल के साथ खुद मौके पर पहुंचे। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स को सील कर दिया गया है। बैंक और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एसपी ने बताया कि करीब 14.50 लाख रुपए कल के रखे थे। बाकी आज का उस समय तक का कलेक्शन था। इसके अलावा सोना-चांदी था।
एसपी के मुताबिक घटना के समय यहां गार्ड नहीं था। बदमाशों ने एक फायर भी किया है। प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मचारियों के बयान लिए जाएंगे। जांच में पता चला है कि एक शख्स ने हेलमेट पहना था। बाकी चार के चेहरे खुले थे।
बैंक के सामने स्थित एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन आरोपी बैंक से निकलते हुए नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक लुटेरा पहले बैंक के अंदर से निकलता है। सामने खड़ी एक बाइक पर वह इंतजार करता है। उसके बाद अंदर से दो लोग एक झोला हाथ में लेकर भागते हुए बैंक से निकलते हैं।
तीनों आरोपी एक ही बाइक में बैठकर बैढ़न शहर की तरफ फरार हो जाते हैं। यह सीसीटीवी बैंक के ठीक सामने रोड के दूसरी तरफ लगभग 50 फीट दूर एक दुकान में लगा हुआ है, जिसमें लुटेरे भागते हुए कैद हुए हैं।
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि जांच में पता चला है कि हेलमेट पहने बदमाश ने बैंक मैनेजर को पीटा। बाकी बैंक स्टाफ और मौजूद ग्राहकों को एक जगह बैठाकर बंधक बनाया। इसके बाद जबरन लॉकर खुलवाकर सोना और कैश ले गए।
वही, शनिवार सुबह एसपी मनीष खत्री ने बताया कि पुलिस ने एक बदमाश को बिहार से पकड़ा है। एक अन्य आरोपी के झारखंड में छिपे होने की जानकारी मिली है, उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 10 टीमें अन्य आरोपियों की तलाश कर रही हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है।

