राजगढ़। जिले में शुक्रवार शाम 7 बजे नेशनल हाईवे-52 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी। भीषण हादसे में मां और एक साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया।
मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र का है।
मृतकों की पहचान सुमित्रा बाई (25) और कान्हा (1) के रूप में हुई है। घायलों में अनिल वर्मा और अनुष्का (4) शामिल हैं, जो मोया गांव के रहने वाले हैं। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया।
परिजनो ने बताया कि अनिल वर्मा अपनी भाभी सुमित्रा बाई और एक वर्षीय भतीजे कान्हा को बाइक से सिविल अस्पताल ले जा रहे थे। कान्हा की तबीयत खराब थी। उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। कान्हा परिवार का इकलौता बेटा था। बाइक पर चार वर्षीय अनुष्का भी सवार थी। बाइक पर कुल चार लोग थे। सभी इलाज के लिए जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे अस्पताल रोड की ओर मुड़ते ही पीछे से गुना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे अनिल और अनुष्का सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। जबकि, सुमित्रा बाई और कान्हा ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।
मां-बेटे की मौत और चालक के फरार होने से नाराज लोगों ने शव हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया। राजगढ़ बायपास और सर्विस रोड पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस का 112 वाहन मौके से गुजरा, लेकिन ट्रक का पीछा नहीं किया गया। इससे आक्रोश बढ़ गया।
सूचना मिलने पर सिटी और देहात पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनो को समझाइश दी। करीब आधे घंटे तक चक्काजाम चला, जिसके बाद जाम खुला।
हादसे में मृत बच्चे के पिता सुनील वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।
बता दे कि मृतिका सुमित्रा बाई गृहिणी थीं, जबकि उनके पति सुनील वर्मा पेंटर हैं। पुताई का काम करते हैं। एक ही झटके में उन्होंने पत्नी और इकलौते बेटे को खो दिया। गांव में मातम पसरा है।
मामले में थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने बताया कि दोनों शवों को रात में सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में भेजा गया था, शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया। घायल अनिल वर्मा और अनुष्का की हालत अब ठीक है। सिविल अस्पताल में उपचार किया गया।
अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।


