ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र में एक महिला की उसके ही पति ने हत्या कर डाली। रिश्तों का कत्ल करने वाले इस शख्स ने घर में ही पत्नी की हत्या करने के बाद करीब 50 किलोमीटर दूर मुरैना में लाश को जला दिया, फिर चंबल नदी में अस्थियां फेंक दी। जिससे किसी के हाथ कोई सबूत न लगे। इतना ही नहीं उसने लाश ठिकाने लगाने के बाद खुद ही थाटीपुर थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट करा दी, जिससे पत्नी के मायके वालों और रिश्तेदारों को उस पर शक न हो। लेकिन हत्या का सच सामने आ ही गया।
रिश्तेदारों को संदेह हुआ, तो पुलिस तक खबर पहुंच गई और हत्या का राजफाश हो गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में है। उससे हत्या का पूरा राज उगलवाने के बाद पुलिस उसे चंबल नदी के पुल पर भी लेकर पहुंची। जहां अस्थियों की तलाश चल रही है।
जानकारी के मुताबिक थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत न्यू सुरेश नगर स्थित सरकारी मल्टी में रहने वाला दीनू टैगोर निजी कंपनी में काम करता है। उसकी शादी कुछ समय पहले पुरानी छावनी निवासी चंचल जाटव से हुई थी। दीनू शराब पीने का भी आदी है। 31 दिसंबर की रात दोनों पति-पत्नी में झगड़ा हुआ और दीनू ने अपनी पत्नी चंचल की हत्या कर दी। अपने अपराध को छिपाने के लिए उसने षड़यंत्र रचा। उसने बाकायदा एक एंबुलेंस बुलाई। फिर पत्नी के बीमार होने की कहानी बताते हुए रोता हुआ बाहर निकला। उसने पत्नी को एंबुलेंस में रखा, फिर अस्पताल जाने की कहकर निकल गया। जबकि, वह पत्नी की हत्या कर चुका था। यहां से वह सीधे अपने पैतृक गांव मुरैना के कैमाराकलां पहुंचा। यहां किसी भी रिश्तेदार को बताए बगैर ही लाश जला डाली। फिर अस्थियों और राख को चंबल में फेंककर ग्वालियर लौट आया। जिसके बाद थाटीपुर थाने पहुंचकर गुमशुदगी ही दर्ज करा दी। यही जानकारी उसने चंचल के मायके वालों को भी दी। चंचल के मायके वाले घर आए। जब इन लोगों ने इस संबंध में बात की तो कुछ अटपटे जवाब दिए। इस पर संदेह हो गया। जब मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने इसे राउंड अप कर पूछताछ की तो उसने हत्या का राज उगल दिया।
थाटीपुर थाना प्रभारी केके पाराशर ने बताया कि एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में पड़ताल चल रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जायेगा।

