वेयरहाउस ने गेहूं लेने से किया इनकार, 5 दिन से खड़ी 30 ट्रॉलियां लौटीं, आक्रोशित किसानों ने किया चक्का जाम

DR. SUMIT SENDRAM

सीहोर। शनिवार को ढाबला केलबाड़ी क्षेत्र में गेहूं की तुलाई से इनकार किए जाने के बाद किसानों का गुस्सा फूट पड़ा।
वेयरहाउस प्रबंधन द्वारा फसल लेने से मना करने पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया।
पिछले पांच दिनों से लगभग 30 ट्रॉली गेहूं तुलाई के इंतजार में खड़ी थीं, लेकिन नंबर आने पर उन्हें लौटा दिया गया।
किसानों ने आरोप लगाया कि वेयरहाउस की क्षमता पहले से ही पूरी होने के बावजूद स्लॉट बुकिंग बंद नहीं की गई। इसके कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
किसान नरेश ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रतिदिन का किराया लगभग एक हजार रुपए है, जिससे कई किसानों को हजारों रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़े। धूप में कई दिनों तक भूखे-प्यासे इंतजार करने से उनकी परेशानी और बढ़ गई।
इस घटना से नाराज किसानों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी संदीप सिंह मीणा और नायब तहसीलदार अविनाश सोनानिया ने किसानों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
खाद्य विभाग के आकाश चंदेल ने किसानों को तकीपुर में तुलाई कराने का सुझाव दिया, लेकिन वहां पहले से अव्यवस्था होने के कारण किसानों ने इसे अस्वीकार कर दिया। बाद में प्रशासन ने चैनपुरा स्थित एमएस स्टोर मार्ट वेयरहाउस में तुलाई का प्रस्ताव रखा। शुरुआत में विरोध के बावजूद, अधिकारियों की समझाइश के बाद किसान अंततः वहां तुलाई कराने के लिए सहमत हो गए।

 

Next Post

बरगी डैम हादसे में मुख्यमंत्री हुए सख्त, क्रूज पायलट, हेल्पर व टिकट काउंटर प्रभारी निलंबित

जबलपुर। बरगी डैम हादसे में सरकार ने पहली सख्त कार्रवाई की है। अब गंभीर लापरवाही करने वाले कर्मचारियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। क्रूज पायलट और हेल्पर व टिकट काउंटर प्रभारी को निलंबित किया गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ […]