डिंडोरी। अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने बुधवार को डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक को ज्ञापन सौंपा है।
इस दौरान कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम ने संविदा कर्मियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वे सदन में कर्मियों के हित में आवाज उठाते रहेंगे।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ डिंडोरी इकाई के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश उरैती ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 4 जुलाई 2023 को भोपाल में संविदा कर्मियों की महापंचायत में कई घोषणाएं की थीं। सामान्य प्रशासन विभाग ने नीति भी बनाई थी। लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने कर्मियों की सुविधाओं में कटौती कर दी।
स्वास्थ्य कर्मियों की प्रमुख मांगों में संविलयन, ईएल और मेडिकल सुविधाएं, एग्रीमेंट प्रथा में सुधार शामिल हैं। इसके साथ ही रिटायरमेंट की 65-62 साल करने, एनपीएस, ग्रेचुइटी, स्वास्थ्य बीमा और डीए की बहाली की मांग है।
संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने चेतावनी दी है कि समय-सीमा में मांगें पूरी नहीं होने पर वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश उरैती के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने के दौरान राजेश मरावी, संतोष बर्मन, दिलीप कच्छवाहा, जफ़र खान, आनंद मोहरे, अभिषेक मिश्र, दिगंबर बिलागर, अनिल हंसराज, मनोज इटोरिया, गिरीश, कमल साहू, अनिल, नेहा सिहारे, रूपा नामदेव सुनैना द्विवेदी, सुशील गवले, सुधीर नामदेव, लल्ला यादव, सुशील झरिया, सत्यम, मीनाक्षी, निधि, गीता मालवीय, अंकिता मरावी, प्रियंका सहित अन्य संविदा स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

