मौसम की खराबी के कारण एक माह में 40 उड़ानें लेट, मुंबई उड़ान 11 घंटे लेट हुई

भोपाल। मौसम की खराबी के कारण पिछले एक महीने से उड़ानें समय से नहीं चल पा रही हैं। दिल्ली और मुंबई में वर्षा का असर उड़ानों की समय सारिणी पर पड़ रहा है।
सितंबर माह में तो उड़ानें एक से 11 घंटे तक देर से पहुंचीं। एक दिन तो रात की उड़ान सुबह पहुंची। यात्रियों को परेशान होना पड़ा। अब मौसम ठीक हो रहा है। ऐसे में हवाई यातायात सामान्य होने की उम्मीद बंधी है।
आमतौर पर अगस्त माह में सबसे अधिक बार उड़ानें निरस्त एवं लेट होती हैं लेकिन इस बार सितंबर माह में सबसे अधिक बार उड़ानें देरी से पहुंची। पिछले एक माह में करीब 40 उड़ानें समय पर भोपाल नहीं पहुंच सकीं। इनमें इंडिगो की दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, हैदराबाद, अहमदाबाद एवं रायपुर उड़ान शामिल है। एयर इंडिया की दिल्ली एवं मुंबई उड़ान भी कई बार देर से पहुंची।
इस बार सितंबर माह में रात की उड़ान दूसरे दिन सुबह आने का रिकार्ड भी बना। इंडिगो की मुंबई उड़ान संख्या 6-ई 397 गत 26 सितंबर को 11 घंटे से अधिक विलंब से पहुंची। यह उड़ान आमतौर पर रात्रि 9.15 बजे भोपाल आती है। मुंबई में वर्षा एवं तेज हवाओं के कारण यह उड़ान दूसरे दिन सुबह करीब 8.35 बजे भोपाल पहुंची। कई यात्रियों को यात्रा निरस्त करानी पड़ी थी। अक्टूबर माह में मौसम ठीक हो रहा है इसके बावजूद कुछ उड़ानें डेढ़ घंटे तक विलंब से पहुंच रही हैं।
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि भोपाल का मौसम सही होने के बावजूद कई बार उड़ानें विलंब से पहुंचती हैं, इसका मुख्य कारण दिल्ली एवं मुंबई का मौसम खराब होना है। कई उड़ानें इन दो शहरों से होकर दूसरे शहरों की ओर जाती हैं। उड़ानें की टाइमिंग दिल्ली-मुंबई से ही तय होती है।

 

Next Post

रेलवे लाइन पर काम कर रहे दो कर्मियों की राज्य रानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत, इंजन में फंसे शव, करीब तीन घंटे रुकी रही ट्रेन

विदिशा। सोमवार सुबह बीना से भोपाल की ओर जा रही राज्य रानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से लाइन पर कार्य कर रहे दो चाबी मेनों की मौत हो गई। शव इंजन में फंसने के कारण तीन घंटे ट्रेन केवटन ब्रिज पर खड़ी रही। इससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। […]