उज्जैन। शहर के सम्राट विक्रम विश्वविद्यालय में कृषि संकाय के लिए एक नया भवन बनाया गया। इसमें करीब 17 करोड़ रुपये की लागत आई। इसमें कक्षा और प्रयोगशाला अभी लगना शुरू ही हुआ था कि रात में कोई भवन के मुख्य दरवाजे पर धमकी भरे शब्द लिख गया। इसमें लिखा कि तुम सब मरोगे।
सुबह जब यहां कर्मचारी पहुंचे तो उन्होंने ये पढ़ा इसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग के गेट पर लाल रंग से “तुम सब मरोगे” लिखा गया है। इसके साथ ही गेट के पास एक बड़ी मटकी रखी गई है। मटकी को लाल कपड़े से ढका गया है। मटकी को फूलों की माला से घेरा गया है। पास में ही सिंदूर और चावल पड़े हैं। यहां धूप भी जलाई गई है।
इस नजारे को सबसे पहले देखने वाले यूनिवर्सिटी के चौकीदार आशीष हैं।
चौकीदार आशीष का कहना है कि वे सुबह सात बजे आए। वे बोरिंग चालू करने जा रहा थे, तो देखा कि गेट पर मटकी, लाल कपड़ा वगैरह रखा था। किसी भी चीज को उन्होंने हाथ नहीं लगाया । फिर इसकी सूचना ऊपर के अधिकारियों को दी। उनका कहना है कि सोमवार की शाम को उन्होंने दरवाजे के आस-पास सफाई की थी। रात दो बजे तक वो जागते रहे। उस समय तक कुछ नहीं हुआ था। उसके बाद ही यह सब हुआ है।
विक्रम विश्वविद्यालय के कृषि विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टेलर ने इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताया है। इस घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। घटना के बाद यहां पढ़ने वाले करीब 1100 छात्रों और स्टाफ के बीच डर का माहौल बन गया है।


