देवास। जिले के इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर चापड़ा-बिजवाड़ के बीच जंगली क्षेत्र में स्थित धनतालाब घाट पर लंबा जाम लगने से हजारों वाहन फंसे हुए हैं।
मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे घाट की कठिन चढ़ाई वाले व संकीर्ण पुलिया वाले हिस्से में तीन से चार वाहन अलग-अलग जगह खराब हो गए। इसके कारण जाम लगने लगा। धीरे-धीरे दोनों ओर वाहनों की कतारे लंबी होती गई।
बुधवार दोपहर 12 बजे तक घाट से खातेगांव की ओर बिजवाड़ तक व चापड़ा की ओर बड़ी चौराहे क्षेत्र तक वाहनों की कतार पहुंच चुकी थी। 10 किमी से अधिक तक वाहनों का मेला लगा हुआ है।
बुधवार दोपहर में एक ओर से आवागमन शुरू हुआ। हालांकि, वाहन रेंग-रेंगकर निकल रहे हैं।
मौके पर बिजवाड़ पुलिस सहायता केंद्र के उपनिरीक्षक अजय डोड, आरक्षक दिलीप बेडवाल, शमशेर खान व्यवस्था संभालने में लगे रहे।
जानकारी के अनुसार चार खराब हुए वाहनों में से दो को सुधारा जा चुका है।
घाट पर लंबा जाम लगने की जानकारी मिलने के बाद इंदौर की ओर से आने वाले वाहन चालकों ने रूट बदलकर चापड़ा से बागली, पुंजापुरा, कांटाफोड़, बिजवाड़ व कुछ ने कांटाफोड़ से सतवास, कन्नौद व खातेगांव की ओर से आना-जाना किया।
वहीं, खातेगांव की ओर से आने वाले वाहन कुछ वाहन बिजवाड़ से आष्टा, देवास होकर इंदौर जा रहे हैं। जबकि, कुछ कांटाफोड़, पुंजापुरा, बागली, चापड़ा से निकले हैं।
बता दे कि जिस हिस्से में धनतालाब घाट स्थित है, वहां जंगली क्षेत्र है। आसपास होटल, ढाबे आदि नहीं हैं। ऐसे में जाम में फंसने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में घाट के आसपास वाले क्षेत्र में फोरलेन निर्माण काम नहीं शुरू हुआ है। घाट पर मार्ग सिंगल है और रेत से ओवरलोड डंपर, ट्रक अक्सर कठिन चढ़ाई पर खराब हो जाते हैं, जिससे जाम लगने लगता है।


