अयोध्या(उप्र)। मध्यप्रदेश के रीवा रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसे में बदल गई।
जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा के पास शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे बोलेरो वाहन विपरीत दिशा से आ रहे ट्राला में जा घुसी।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि, आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायल रीवा जिले के बेलाही रामपुर हाउस झरिया थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रहने वाले हैं।
दुर्घटना की सूचना पर पुलिस और डॉक्टरों की टीमें मौके पर पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न बरतने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार रात 11 श्रद्धालु मध्य प्रदेश के रीवा से बोलेरो वाहन से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। सुल्तानपुर के पास चालक को नींद आने पर श्रद्धालुओं ने उसे चाय पिलाकर कुछ देर आराम करने की सलाह दी, लेकिन उसने थोड़ा और चलने की बात कहकर वाहन आगे बढ़ा दिया। लगभग एक घंटे बाद जैसे ही बोलेरो कल्याण भदरसा के पास पहुंची, चालक को फिर तेज नींद आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर सीधे ट्राला में जा टकराई।
मौके पर अंकित पटेल (25), मीराबाई (50) एवं
चालक राम यश मिश्र (50) की मौत हो गई।
वहीं, तनुजा पटेल (20), चित्रसेन पटेल (45), दीपक पटेल (25), शशी पटेल (34), चंद्रकाली पटेल (50), कुसुम (32), शिवांश पटेल (3) एवं आशीष पटेल (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चंद्रकली पटेल, कुसुमवती, शशी पटेल और तीन वर्षीय शिवांश पटेल को राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर कर दिया गया, जहाँ ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. विनोद आर्या की देखरेख में सभी घायलों का इलाज जारी है।


