इंदौर। चाकू-छुरों के साथ रील बनाने वालों की इन दिनों शामत सी आ गई है।
क्राइम ब्रांच ने एक ही रात में 13 बदमाशों को पकड़ा है। उनका माफी मांगते हुए वीडियो भी बनाया है। इंटरनेट मीडिया पर रंगदारी करने वाले बदमाश थाने में गिड़गिड़ाते हुए नजर आ रहे थे।
क्राइम ब्रांच अभी तक 50 से ज्यादा बदमाशों को पकड़ चुकी है, जिनके अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज हो रहे हैं।
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के मुताबिक, साइबर एक्सपर्ट का एक दल दिन-रात ई-पेट्रोलिंग करता है। हथियारों के साथ फोटो-वीडियो बनाने और आपत्तिजनक व भड़काऊ पोस्ट करने वालों को तत्काल पकड़ लेते हैं। गुरुवार रात क्राइम ब्रांच ने 13 बदमाशों को पकड़ लिया।
आरोपी बाबू उर्फ राहुल भुजबल निवासी विदूर नगर, सन्नी वाकोड़े निवासी दिग्विजय मल्टी, प्रेम उर्फ सुजल टिरकैया, गोलू शर्मा, लक्की सेन, प्रियांशु डांगोरिया, संदीप भार्गव, राजा जाधव, आदर्श योगी, रघुनाथ, गणेश उर्फ कालू, रोहित राव, निर्मल योगी को पकड़ा है।
सभी आरोपियों के खिलाफ बाणगंगा, लसूड़िया व द्वारकापुरी थानों में प्रतिबंधात्मक व हथियार तस्करी की कार्रवाई की गई।
एडीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है। ऐसी रील बनाना नुकसानदायक हो सकता है। रील के चक्कर में आपराधिक रिकार्ड बन सकता है। पुलिस ने युवाओं को बचने की सलाह दी है।


