चैत्र नवरात्रि के पहले दिन माता शारदा के दर्शन के लिए मैहर पहुचे सूबे के मुखिया मोहन यादव, माता के दर्शन के लिए उमड़ा जन सैलाब

मैहर(सतना)। सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को चैत्र नवरात्रि के पहले दिवस मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना किया।
डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश और देशवासियों के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध होने की कामना की है।
बता दे कि मैहर जिले में नवरात्र के प्रथम दिवस माँ शारदा मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। माता के दर्शन के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं तांता लग गया। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने माँ शारदा की उपासना कर व्रत उपवास प्रारम्भ किया।
मैहर रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2081 पिंगल नव संवत्सर की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति का यह पर्व है, नवरात्रि के पावन पर्व पर हम सब कामना करें। विक्रम संवत का आज का दिन, नए वर्ष का पहला दिन हम सभी के जीवन में मंगल ही मंगल करे, ऐसी मैं कामना करता हूं। हमारा सौभाग्य है कि आज हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बालाघाट आ रहे हैं।चुनाव अभियान में मोदी जी की उपस्थिति प्रदेश को नई ताकत, संबल, ऊर्जा देगी। जिस प्रकार से पूरा देश और प्रदेश मोदीमय हुआ है, उसी कड़ी में मध्यप्रदेश और जोर शोर से अपने अभियान में लगेगा। जिस प्रकार से जनता का आशीर्वाद दिख रहा है, वो निश्चित रूप से मोदी जी को मिलेगा। सब जानते हैं शक्ति के मामले में, खासकर महिलाओं के मामले में कांग्रेस की दृष्टि और कांग्रेस की भाषा क्या रहती है?
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि शक्ति का प्रताप है कि बड़े-बड़े दिग्गज अपने अपने घर से, लोकसभा क्षेत्र से नहीं निकल पा रहे हैं। अपने क्षेत्र में ही सीमित हो गए हैं।
चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 11:30 बजे त्रिकूट पर्वत पर स्थित माँ शारदा की पूजा-अर्चना की। वहां मौजूद पुरोहितो ने माँ का श्रृंगार किया। मंत्रोच्चार के साथ माता जी को नया वस्त्र धारण कराया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विश्व कल्याण के लिए माँ शारदा से प्रार्थना की और माता शारदा देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने आदि मौजूद रहे।
मैहर के त्रिकूट पर्वत पर विराजीं माँ शारदा के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए चैत्र नवरात्रि के पहले दिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मंगलवार सुबह पट खुलने के बाद यहां विशेष आरती हुई। पुजारी पवन महाराज ने जगत जननी माँ की आरती उतारी। फिर माता शारदा के दर्शन के लिए लंबी लाइनों में खड़े भक्तों ने माथा टेककर मातेश्वरी की कृपा प्राप्ति की कामना की। अनुमान है कि नौ अप्रैल से 18 अप्रैल तक चलने वाले चैत्र नवरात्रि मेले में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु माता शारदा के दर्शन के लिए मैहर पहुंचेंगे।
पुरोहित नितिन पाण्डेय के मुताबिक आल्हा आज भी माता का सबसे पहले पूजन करते हैं। माता शारदा के प्रथम भक्त आल्हा हैं, जिन्हें माता ने उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर अमरत्व का वरदान दिया था। आज भी माता शारदा के दर्शन के पश्चात आल्हा के दर्शन करना अनिवार्य माना जाता है, नहीं तो दर्शन पूर्ण नहीं होता है। आल्हा महोबा के राजा थे जो माता शारदा के सबसे बड़े भक्त माने जाते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन एवं मां शारदा मंदिर प्रबन्ध समिति ने व्यापक इन्तजाम किए हैं। रेलवे ने भी यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों के स्टॉपेज की सौगात दी है।

 

Next Post

नगर पालिका के लेखापाल को लोकायुक्त ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ धरदबोचा

भोपाल। बैरसिया नगर पालिका में लेखापाल सचिन कठाने को लोकायुक्त भोपाल की टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ धरदबोचा है। आरोपी के खिलाफ एक ठेकेदार ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी का कहना था कि आरोपी लेखापाल उसका अटका पेमेंट क्लीयर कराने के ऐवज […]