जबलपुर। जिले के बघराजी पुलिस चौकी के अंतर्गत कल्याणपुर में शौच करने गए एक युवक को करीब 12 फीट ने लपेटते हुए उसे जिंदा निगलने की कोशिश की।
अजगर से बचने के लिए युवक ने भरसक प्रयास किया, खूब हाथ-पैर मारे पर विशालकाय अजगर ने कुछ इस तरह से युवक को जकड़ लिया था कि उसकी पकड़ से छूट पाना मुश्किल हो रहा था।
अजगर से बचने के लिए युवक ने करीब 20 मिनट तक पूरा ताकत लगाकर छूटने की कोशिश की पर जब सफल नहीं हुआ तो युवक जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
युवक की आवाज सुनकर ग्रामीण आ गए और अजगर को अलग करने की कोशिश की भी की पर जब सफल नहीं हुए तो ग्रामीणों ने धारदार हथियार से अजगर के कई टुकड़े कर युवक की जान बचाई।
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब चार दिन पहले की है, जिसका वीडियो आज रविवार को सामने आया है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि युवक की जान बचाने के लिए ग्रामीणों ने अजगर को मारा था, इसलिए किसी भी तरह का मामला नहीं बनाया गया है।
दरअसल बघराजी चौकी अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर में मंडला जिले से बारात आई हुई थी। उसी बारात मे रामसहाय नाम का व्यक्ति भी आया हुआ था। सुबह-सुबह जब वह शौच के लिए गांव के बाहर नाले के किनारे गया हुआ था, उसी दौरान 12 फीट के अजगर ने उसे पकड़ लिया।
विशाल अजगर ने युवक को अपनी गिरफ्त में लिया और फिर जमीन में गिरा कर अजगर उसकी गर्दन तक पहुंच गया और उसे जिंदा निगलने की कोशिश करने लगा। युवक ने अपने बचाव का भरसक प्रयास किया।
ग्रामीण युवक ने अपनी जान बचाने के लिए अजगर का मुंह पकड़ लिया था, पर जब युवक को लगने लगा कि वह अजगर की पकड़ से छूट नहीं पाएगा तो उसने ग्रामीणों को आवाज देकर बुलाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि रामसहाय नाम के युवक को अजगर ने बुरी तरह से लपेट रखा है। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की जान बचाने के लिए अजगर को धारदार हथियार से मार डाला और उसके कई टुकड़े कर डाले।


