इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से समर शेड्यूल में कई शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा विमान कंपनियां कर रही हैं।
इसी कड़ी में इंडिगो विमान कंपनी ने इंदौर से रायपुर और जबलपुर के लिए सीधी उड़ान की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू की है। यह उड़ान 30 मार्च से जबलपुर से दोपहर में इंदौर आकर वापस जबलपुर जाएगी।
वहीं, इंदौर से सुबह रायपुर के लिए उड़ान शुरू होगी और दोपहर में लौटेगी। रायपुर उड़ान को 31 मार्च से विशाखापटनम तक बढ़ाया गया है। इससे इंदौर से रायपुर होकर विशाखापटनम तक यात्री जा सकेंगे। जबलपुर के लिए अब सुबह के अलावा दोपहर में भी उड़ान उपलब्ध रहेगी।
बता दे कि इंदौर से रायपुर के लिए अभी इंडिगो कंपनी की एक उड़ान है। यह रायपुर से सुबह 10.25 बजे रवाना होती है और सुबह 11.50 बजे इंदौर पहुंचती है। वापसी में इंदौर से शाम पांच बजे रवाना होकर शाम 6.20 बजे रायपुर पहुंचती है।
अब इंडिगो ने अपनी दूसरी उड़ान 30 मार्च से शुरू करने की घोषणा की है। समर शेड्यूल की शुरुआत के साथ यह उड़ान इंदौर से रायपुर जाकर वापस इंदौर लौटेगी। इंदौर-रायपुर उड़ान को 31 मार्च से विशाखापटनम तक बढ़ाया जा रहा है। इससे रायपुर और विशाखापटनम तक इंदौर के यात्रियों को उड़ान की सुविधा मिलेगी।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के एमपी सीजी अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि इस उड़ान के शुरू होने से इंदौर से सुबह जाने वाले यात्रियों को खासा फायदा होगा। इंदौर रायपुर के बीच में सीधी ट्रेन की सुविधा भी अधिक नहीं है।
वहीं, पहले से संचालित उड़ान शाम को इंदौर से जाती थी। इस वजह से यात्रियों को परेशानी होती थी। इस उड़ान के शुरू होने से दोनों राज्यों के यात्रियों को फायदा होगा। यह उड़ान 31 मार्च से विशाखापटनम तक जाएगी। ऐसे में यात्री रायपुर होकर विशाखापटनम तक 3.45 घंटे में पहुंच सकेंगे।

