डिलेवरी ब्वाय की हत्या को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को ग्वारीघाट पुलिस ने किया गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

जबलपुर। गौरीघाट के नावघाट में सनित तिवारी उर्फ सोनू (36) की हत्या के आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद घर चले गए। खून के दाग वाले कपड़े और हत्या में उपयोग किए गए चाकू को ठिकाने लगाया। उसके बाद आराम से सो गए।
27-28 अगस्त की दरमियानी रात को हुए इस हत्याकांड में पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीसी फुटेज खंगाले तो पांच युवक वहां से हड़बड़ी में भागते दिखे।
दो दिन तक 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए ग्वारीघाट पुलिस संदिग्ध युवकों के घर तक पहुंच गई। दो युवक घर से गायब मिले। पुलिस का संदेह बढ़ गया। फिर अन्य तीन युवक को पकड़कर पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने घटना पर खुलासा किया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक बरामद कर ली गई है।
आरोपी एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए उमाघाट गए थे।
लार्डगंज श्याम बैंड की गली में रहने वाला सनित तिवारी उर्फ सोनू (36) नावघाट पर एक तखत में लेटा था। आरोपियों ने उसे उठने के लिए बोला। मना करने पर आरोपी आक्रोशित हो गए। जिसके बाद पांचों आरोपियों ने मिलकर उसे पकड़ा और चाकू से वार कर हत्या कर दी। पकड़े ना जाए इसलिए घर जाकर कपड़े और चाकू छिपा दिया।
सोनू ऑनलाइन डिलेवरी का काम करता था।
ग्वारीघाट थाना प्रभारी सक्तूराम मरावी ने बताया कि रांझी रिछाई रूपलाल कालोनी निवासी निखिल गौड़ (22) का रात जन्मदिन था। निखिल अपने साथी रूपलाल कालोनी रिछाई निवासी रोहित लोधी, बजरंग नगर रांझी निवासी अमित बेन, आदित्य सोनकर और गोलू के साथ 27 अगस्त की देर रात को उमाघाट पहुंचा। जहां, इन्होंने विवाद करते हुए वारदात की। पुलिस ने अमित, निखिल एवं रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वही, फरार गोलू और आदित्य उर्फ आदि की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Next Post

फर्जी एडवाइजरी फर्म पर पुलिस का छापा, इंस्टाग्राम, फेसबुक, टेलीग्राम पर हो रही ठगी

इंदौर। शहर की विजयनगर पुलिस ने फर्जी एडवाइजरी फर्म पर छापा मार कर संचालक चंदन पाटीदार और आरिफ खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम, फेसबुक, टेलीग्राम जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से ग्राहकों का डेटा निकाल कर निवेशकों को ठगते थे। पुलिस सेबी, आयकर व ईडी जैसी जांच एजेंसियों की […]