अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांजे की अवैध बिक्री की लंबे समय से सूचना पुलिस को मिल रही थी, जिसके बाद आखिरकार सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो लोगों के कब्जे से गांजा जब्त कर लिया है। मामले में एक महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से ही इस काले कारोबार में संलग्न थी।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस ने अनूपपुर नगर के पुरानी बस्ती में अवैध मादक पदार्थ गांजा का विक्रय करने वाले दो आरोपियों को गांजा ले जाते हुए पकड़ा। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 3.490 किलो गांजा जब्त किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि अनूपपुर नगर के पुरानी बस्ती इलाके में कुछ दिनों से अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम गठित कर सुबह करीब आठ बजे पुलिस टीम ने 62 वर्षीय महिला के कब्जे से मादक पदार्थ गांजा 2.220 किलोग्राम कीमत 22,200 रुपये जब्त किया गया, वही दूसरी कार्रवाई में मुकुंदलाल सोनी उर्फ कुन्दू पिता बाबूलाल सोनी (59) निवासी वार्ड न. 10 सोनी मोहल्ला पुरानी बस्ती अनूपपुर के कब्जे से मादक पदार्थ गांजा 1.270 किलोग्राम कीमती करीब 12700 रुपये जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि दोनों से इस बात की पूछताछ जारी है कि वह गांजा कहां से लाते थे और इस अपराध में अन्य कितने लोग शामिल हैं।
कार्रवाई में सुखीनंद यादव, गोविंद प्रसाद पनिका, राजेश कंवर, शेख रसीद, विनय बैस, गुरु प्रसाद चतुर्वेदी, प्रकाश तिवारी, अमित यादव, जानकी बैगा एवं खेमराज मार्को शामिल रहे।

