जबलपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया शनिवार को एक दिवसीय दौर पर संस्कारधानी जबलपुर पहुंचे।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद प्रवीण तोगड़िया शाम को डिंडौरी के लिए रवाना हो गए। जबलपुर प्रवास के दौरान प्रवीण तोगड़िया ने बताया कि पूरे देश में अब तक 13 हजार हनुमान चालीसा केन्द्र शुरु हो चुके है। भारत में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने ठाना है कि एक लाख केन्द्र बनाए जाएंगे। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि हनुमान चालीसा केंद्र शुरू करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि जब हर गांव, हर शहर और हर गली में इसकी स्थापना होगी तो पूरा देश हिंदूमय होगा।
इंदौर से जबलपुर पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कई कार्यकर्ताओं के घर जाकर मुलाकात की, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत भी किया।
प्रवीण तोगड़िया का कहना है कि हमारा भारत देश हिंदू राष्ट्र है, अब हनुमान केन्द्र के जरिए हर राज्य को हिन्दू राज्य बनाना है।
प्रवीण तोगड़िया ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल जाने पर बयान दिया कि इस देश में सबको न्याय मिल रहा है, देश की सर्वोच्च न्यायपालिका बैठी हुई है। सत्य आज नहीं तो कल सामने आएगा। समय का इंतजार करना चाहिए। प्रवीण तोगड़िया जबलपुर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद सड़क मार्ग से डिंडौरी के लिए रवाना हो गए।


