भोपाल। राजधानी में शनिवार सुबह विजयादशमी के अवसर पर नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में विधि-विधान के साथ परंपरागत शस्त्र पूजन किया गया। इस मौके पर मां भगवती की पूजा-अर्चना के साथ हवन किया गया।
हवन में उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, महापौर मालती राय, सांसद आलोक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस के आला अधिकारियों ने भी आहुति दी।
हवन पूजन के बाद भूरे कुम्हड़े को तलवार से दो टुकड़ों में काटकर देवी को प्रतीकात्मक बलि चढ़ाई गई।
गौरतलब है कि दशहरा के अवसर पारंपरिक रूप से पुलिस विभाग के द्वारा शस्त्र पूजन की परम्परा रही है। जिसके संदर्भ में सभी जिला मुख्यालयों पर शस्त्र एवं विभाग के वाहनों का पूजन किया जाता है। शस्त्र पूजन कार्यक्रम में सभी शस्त्रों पर रोली लगाने के साथ कलावा बांधे गए और पुष्प भी चढ़ाए गए।
वैदिक ब्राह्मण के सान्निध्य में मां भगवती का पूजन एवं मन्त्रोपचार के साथ हवन किया गया। तत्पश्चात आरती की गई।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, महापौर मालती राय, सांसद आलोक शर्मा, पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र, अति. पुलिस आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल, पुलिस उपायुक्त सोनाक्षी सक्सेना, अति. पुलिस उपायुक्त नीतू ठाकुर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने पुलिस परिवार एवं समस्त शहरवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी। साथ ही दशहरा पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मानने हेतु आग्रह किया।

